Dharm-Jyotish

1 फरवरी को मारवाड़ी भवन में त्रिशक्ति वंदना महोत्सव का आयोजन

Ranchi : मारवाड़ी भवन, हरमू रोड, रांची में 1 फरवरी (बुधवार) को एकदिवसीय त्रिशक्ति वंदना महोत्सव का आयोजन म्हारा श्याम धणी दातार, रांची के तत्वावधान में किया जायेगा. इस दिन खाटूवाले श्रीश्याम धणी दातार, झुंझुनूवाली मैया श्री राणीसती दादीजी,  सालासर के श्रीबालाजी महाराज का भव्य दरबार, अलौकिक श्रृंगार, नैयनाभिराम झांकी, अखंड ज्योत के साथ दरबार लगाया जायेगा. महोत्सव में राजस्थान स्थित खाटूधाम निजमंदिर के महंत श्री मोहनदासजी महाराज, अहमदाबाद से भजनों के सम्राट नंदकिशोर शर्मा, कोलकाता से भजन सम्राट रवि बेरीवाल, कोलकाता के रोहित शर्मा (जिम्मी) व दिल्ली के सुमधुर गायक मयूर रस्तोगी द्वारा भजनों की प्रस्तुति होगी.

मारवाड़ी भवन, रांची में मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सेवक प्रमोद सारस्वत ने बताया कि एक दिवसीय महोत्सव प्रातः9 बजे श्रीगणेश पूजन के साथ प्रारम्भ होगा. इस अवसर पर मुख्य यजमान द्वारा पूजन, सवामणी भोग, छप्पन भोग, निशान ध्वजा, चुनरी उत्सव, महाभोग, गजरापुष्प उत्सव, तीनों दरबार में 201 मेवाभोग सेवा दातार द्वारा भगवान को अर्पित किये जायेंगे. सेवक आनंद गोयल ने बताया कि दोपहर 2 बजे से भजन प्रवाहक अपनी कर्णप्रिय सुमधुर रचना से भक्तों को अमृतपान करायेंगे. महोत्सव में झारखंड के कई जिलों से भक्तजन रांची पहुंच कर उत्सव में शामिल होंगे. महोत्सव की तैयारी में 40 सेवक सदस्य, 40 सखी सदस्य व 70 बालसेवक सदस्य के संग सहयोगी सेवक संस्था अग्रवाल युवा सभा, जेसीआई उड़ान, जेसीआई यूथ के 100 से अधिक सेवक लगे हैं. सदस्यों के बीच विभागीय सेवा वितरण किया जा चुका है. मौके पर सेवक कुणाल जालान, विकाश सिंघानिया सहित अन्य भी उपस्थित थे.

इसे भी पढ़ें – सीएम के आदेश के बाद तिसरी के अंचल अधिकारी असीम बाड़ा निलंबित

Related Articles

Back to top button