
Ranchi/Palamu: कोरोना वायरस के संक्रमण से उत्पन्न परिस्थितियों को सामान्य बनाने के लिए जनप्रतिनिधि भी अपना योगदान दे रहे हैं.
इसी क्रम में पलामू के सांसद वीडी राम ने अपने संसदीय क्षेत्र पलामू और गढ़वा जिले के लिए अपनी सांसद निधि से 40 लाख रुपये देने की घोषणा की है. इसके अलावा कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ रहे दोनों जिले के पुलिसकर्मियों के लिए भी उन्होंने 10 लाख रुपये देने की अनुशंसा की है.
वहीं राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार ने 28 लाख रुपये दिये हैं. इनमें से 25 लाख रुपये रिम्स को इन्फ्रारेड थर्मामीटर, हेल्थ वर्कर्स के लिए प्रोटेक्टिव किट और वेंटिलेटर की खरीद के लिए दिये गये हैं. 3 लाख रुपये रांची नगर निगम को 10 हज़ार मास्क और 1000 लीटर सैनिटाइजर क्रय करने के लिए दिया गया है.
इसे भी पढ़ें – #FilghtAgainstCorona : भारतीय सेना ने कसी कमर, कोरोना के खिलाफ छेड़ा ‘ऑपरेशन नमस्ते’
सांसद महेश पोद्दार ने कहा है कि कोरोना महामारी के संकट का सामना करने में समाज के हर सक्षम-समर्थ व्यक्ति और संस्था को बढ़-चढ़ कर योगदान देने की जरूरत है. उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों, तथा विभिन्न सरकारी-गैर सरकारी संस्थाओं द्वारा किये जा रहे राहत कार्यों की सराहना की है और कहा है कि आम जनता केवल अपने घरों में सीमित रहकर लॉक डाउन के निर्देशों का पालन कर इस लड़ाई में अपना योगदान दे.
इसके पूर्व भी श्री पोद्दार मास्क और सैनिटाइजर की खरीद में निजी तौर पर रांची नगर निगम को आर्थिक सहयोग दे चुके हैं. अपने सांसद आदर्श ग्राम नामकुम प्रखंड के महिलौंग में भी उन्होंने अपने औद्योगिक प्रतिष्ठान मिकी वायर के माध्यम से मास्क और सैनिटाइजर का वितरण कराया है.
इसे भी पढ़ें – #CoronaLockdown : सड़ने लगे हैं फल, लॉकडाउन के कारण घर नहीं जा पा रहे ट्रक चालक
बीएस IV वाहनों के स्विचओवर की तारीख बढ़ाने का आग्रह
सांसद महेश पोद्दार ने सड़क परिवहन, राजमार्ग, जहाजरानी एवं एमएसएमई मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिख कर देश के ऑटोमोबाइल सेक्टर को बड़े नुकसान से बचाने के लिए BS IV वाहनों के स्विचओवर की अवधि विस्तारित कर कम से कम 31 मई 2020 तक का समय देने का आग्रह किया है.
अपने पत्र में पोद्दार ने कहा है कि देश के ऑटोमोबाइल डीलर्स के पास करीब 7 लाख से ज्यादा BS IV वाहनों का स्टॉक है, जिसे वर्तमान प्रावधानों के अनुसार 31 मार्च 2020 तक क्लियर कर लेना है. कोरोना महामारी के मद्देनजर BS IV वाहनों का स्टॉक निर्धारित अवधि में क्लियर करना असंभव ही है. यदि निर्धारित तिथि के बाद इन वाहनों की बिक्री और इनका निबंधन प्रतिबंधित हो जाती है तो पहले से ही तकलीफ झेल रहे देश के ऑटोमोबाइल सेक्टर की मुश्किलें और बढ़ जायेंगी.
श्री पोद्दार ने कहा कि फेडरेशन ऑफ़ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन ने माननीय सुप्रीम कोर्ट में BS IV वाहनों के स्वीचओवर की अवधि विस्तारित करने का आग्रह करते हुए IA फाइल किया है और 31 मई 2020 तक की मोहलत मांगी है. दिक्कत यह है कि कोरोना महामारी की वजह से देश में लागू लॉक डाउन के अनुपालन में माननीय सुप्रीम कोर्ट केवल अर्जेंट मैटर ही सुन रहा है. FADA का आग्रह है कि यदि माननीय सुप्रीम कोर्ट में निर्धारित अवधि तक सुनवाई नहीं होती तो सरकार अध्यादेश लाकर BS IV वाहनों के स्वीचओवर की अवधि विस्तारित करने की घोषणा करे.
न्यूज विंग की अपील
देश में कोरोना वायरस का संकट गहराता जा रहा है. ऐसे में जरूरी है कि तमाम नागरिक संयम से काम लें. इस महामारी को हराने के लिए जरूरी है कि सभी नागरिक उन निर्देशों का अवश्य पालन करें जो सरकार और प्रशासन के द्वारा दिये जा रहे हैं. इसमें सबसे अहम खुद को सुरक्षित रखना है. न्यूज विंग की आपसे अपील है कि आप घर पर रहें. इससे आप तो सुरक्षित रहेंगे ही दूसरे भी सुरक्षित रहेंगे.
इसे भी पढ़ें – #British प्रधानमंत्री #BorisJohnson हुए कोरोना पॉजिटिव, खुद को किया आइसोलेट



