
New Delhi: देश पर कोरोना वायरस के संकट को देखते हुए भारतीय सेना ने भी कमर कस ली है. भारत पर पड़नेवाले हर संकट के वक्त भारतीय सेना मुस्तैद हो जाती है. उसने हर संकट से मुक्ति दिलाने में अपनी महती भूमिका निभायी है.
भारतीय सेना ने कोरोना के खिलाफ ‘ऑपरेशन नमस्ते’ शुरू करने का ऐलान किया है. आर्मी चीफ जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने शुक्रवार को ऑपरेशन नमस्ते के बारे में बताया.
इसे भी पढ़ें – #Lockdown21: कोरोना से लड़ाई के लिए CM हेमंत सोरेन ने दिये 25 लाख रुपये, लोगों से मदद की अपील
सेना में 8-10 महीने छुट्टी बंद
उन्होंने कहा कि सेना में छुट्टी पर पाबंदी लगायी गयी है. 2001 में ऑपरेशन पराक्रम के दौरान 8-10 महीने में कोई छुट्टी पर नहीं गया था. पराक्रम में भी हम विजयी हुए, ऑपरेशन नमस्ते में भी कामयाब रहेंगे.
आर्मी चीफ ने कहा कि भारतीय सेना की आंतरिक खूबी है कि हम अपने सांगठनिक ढांचे और ट्रेनिंग की बदौलत तरह-तरह की आपातकालीन परिस्थितियों से उबर जाते हैं. उन्होंने कहा कि हम कोविड-19 से निपटने में भी अपनी इसी क्षमता का इस्तेमाल करेंगे.
उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में सरकार और सामान्य प्रशासन की मदद करना हमारा दायित्व है. बतौर आर्मी चीफ सैन्य बलों को चुस्त-दुरुस्त रखना मेरी जिम्मेदारी है.
इसे भी पढ़ें – #Lockdown21: आवश्यक सेवाओं में #Media को शामिल कर केंद्र की छूट का पालन सुनिश्चित करने का आदेश
क्वारंटाइन सेंटर और हेल्पलाइन
आर्मी चीफ जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने कहा कि सेना ने इससे पहले भी अभियानों में सफलता पायी है. हम इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देंगे.
सेना की ओर से देशभर में अब तक आठ क्वारंटाइन सेंटर बनाये गये हैं. साथ ही हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है. इसके लिए सेना के साउर्थन कमांड, ईस्टर्न कमांड, वेस्टर्न कमांड, सेंट्रल कमांड, नॉदर्न कमांड, साउथ वेस्टर्न कमांड और दिल्ली हेडक्वॉर्टर में कोरोना हेल्प लाइन सेंटर्स बनाये गये हैं. इसके जरिए कोरोना वायरस की चपेट में आये लोगों की मदद की जायेगी। साथ ही, आम नागरिकों को इस संकट से जुड़ी जानकारियां भी दी जायेंगी.
अस्पतालों में तैयारी
उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस को देखते हुए निगरानी और आइसोलेशन की क्षमता बढ़ायी जा रही है. सभी आर्मी हॉस्पिटलों को छह घंटों की सूचना पर सिर्फ कोविड-19 मरीजों के लिए 45 बेड का आइसोलेशन वार्ड और 10 बेड का आइसीयू वॉर्ड तैयार करने का निर्देश दिया गया है.
जिन इलाकों में कोरोना का असर ज्यादा है, वहां के 30 प्रतिशत फील्ड हॉस्पिटलों को स्टैंडबाय मोड में रखा गया है. क्विक रिएक्शन मेडिकल टीमें गठित होंगी जो सूचना मिलने के छह घंटे के अंदर मरीज को अस्पतालों में पहुंचाने को तैयारी कर लेगी.
न्यूज विंग की अपील
देश में कोरोना वायरस का संकट गहराता जा रहा है. ऐसे में जरूरी है कि तमाम नागरिक संयम से काम लें. इस महामारी को हराने के लिए जरूरी है कि सभी नागरिक उन निर्देशों का अवश्य पालन करें जो सरकार और प्रशासन के द्वारा दिये जा रहे हैं. इसमें सबसे अहम खुद को सुरक्षित रखना है. न्यूज विंग की आपसे अपील है कि आप घर पर रहें. इससे आप तो सुरक्षित रहेंगे ही दूसरे भी सुरक्षित रहेंगे.
इसे भी पढ़ें – SAI का पदमा सेंटर भी #Corona मुकाबले को तैयार, 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनकर तैयार



