Corona_UpdatesLead NewsNationalNEWSTOP SLIDER

Covid-19 : WHO का ऐलान, कोरोना अब वैश्विक ‘महामारी’ नहीं

अब तक दुनियाभर में 70 लाख लोगों की हो चुकी है मौत

New Delhi: WHO (वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन) ने वैश्विक महामारी के तौर पर कोरोना के खत्म होने का ऐलान किया है. डब्ल्यूएचओ का कहना है कि कोरोना अब वैश्विक हेल्थ इमरजेंसी के रूप में खत्म हो चुका है. शुक्रवार को संगठन की इमरजेंसी समिति की 15वीं बैठक में यह निर्णय लिया गया.

डब्ल्यूएचओ के अध्यक्ष टेड्रोस अदनोम घेब्रेयस के अनुसार मुझे यह बताया गया कि अब पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी के तौर पर कोरोना के खत्म होने का ऐलान कर देना चाहिए. मैंने उनकी सलाह स्वीकार कर ली. इसलिए अब बड़ी उम्मीद के साथ मैं ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी के तौर पर कोरोना के खत्म होने का ऐलान करता हूं. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कोरोना पूरी तरह से खत्म हो गया है.

पिछले हफ्ते कोरोना से हर तीन मिनट में एक शख्स की मौत होने का दावा किया गया था. बताते चलें कि 2020 की शुरुआत से ही दुनियाभर में कोरोना तेजी से फैलने लगा था. 30 जनवरी 2020 को WHO ने कोविड को ‘ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी’ घोषित किया. इसके बाद 11 मार्च 2020 को WHO ने इसे ‘महामारी’ घोषित कर दिया. तब तक कोरोना दुनिया के 114 देशों में फैल चुका था और इसके 1.14 लाख से ज्यादा मामले सामने आ चुके थे. चार हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी थी. डब्ल्यूएचओ की वेबसाइट के मुताबिक, कोरोना से अब तक दुनियाभर में लगभग 70 लाख लोगों की मौत हो चुकी है.

भारत में आई थीं कोरोना की तीन लहरें

– पहली लहर: देश में कोरोना का पहला केस 30 जनवरी 2020 को केरल में सामने आया था. पहली लहर का पीक 17 सितंबर 2020 को आया था. उस दिन करीब 98 हजार केस सामने आए थे. 10 फरवरी 2021 से पहली लहर कमजोर हुई और मामले कम होने लगे. पहली लहर करीब 377 दिन तक चली थी. इस दौरान 1.08 करोड़ मामले सामने आए थे और 1.55 लाख मौतें हुई थीं. हर दिन औसतन 412 मौतें हुईं.

– दूसरी लहर: मार्च 2021 से ही संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ने लगे. अप्रैल और मई में दूसरी लहर अपने चरम पर थी. 1 अप्रैल से 31 मई यानी 61 दिन तक कोरोना की दूसरी लहर ने जमकर तबाही मचाई. इस दौरान 1.60 करोड़ नए मरीज मिले. 1.69 लाख लोगों की मौत हुई. यानी हर दिन औसतन 2,769 मरीजों की मौत हुई. दूसरी लहर का पीक 6 मई 2021 को आया था. तब एक दिन में 4.14 लाख से ज्यादा मामले सामने आए थे.

– तीसरी लहर: ओमिक्रॉन की वजह से देश में तीसरी लहर की शुरुआत हुई. 27 दिसंबर 2021 से तीसरी लहर शुरू हुई. 21 जनवरी को इसका पीक आया. उस दिन 3.47 लाख मामले सामने आए थे. फिर संक्रमण कम होने लगा. तीसरी लहर संक्रामक थी लेकिन जानलेवा नहीं थी. मात्र महीनेभर में ही तीसरी लहर में भारत में 50.05 लाख नए मरीज मिल चुके थे. जबकि, 10 हजार 465 लोगों की मौत हुई थी.

इसे भी पढ़ें: Jammu Kashmir: बारामुला मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी के किया ढेर, कंडी के जंगलों में भी ऑपरेशन जारी

Related Articles

Back to top button