Corona_Updates

#CoronaVirus : चीन के वुहान में बस सेवाएं बहाल, घरेलू स्तर पर कोई नया मामला नहीं

  • विदेशों से आये संक्रमित लोगों के 67 नये मामले दर्ज

Beijing : चीन में लगातार दूसरे दिन स्थानीय स्तर पर कोरोना वायरस के संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया, लेकिन विदेशों से आये संक्रमित लोगों के 67 नये मामले देश में दर्ज किये गये.

चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) ने गुरुवार को बताया कि बुधवार को चीनी मुख्य भूभाग में घरेलू स्तर पर संक्रमण का कोई नया मामला दर्ज नहीं किया गया लेकिन विदेशों से आये संक्रमित लोगों के 67 नये मामलों की पुष्टि हुई है. इससे एक दिन पहले ऐसे 47 मामले दर्ज हुए थे.

वुहान में नया मामला नहीं, लेकिन बढ़ रही मृतकों की संख्या

हालांकि, हुबेई प्रांत और उसकी राजधानी वुहान में पिछले कुछ समय से कोई नया मामला सामने नहीं आया है, लेकिन मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है.

हुबेई में बुधवार को छह संक्रमित लोगों की मौत हो गयी और इसके साथ ही चीन में मृतकों की संख्या बढ़ कर 3,287 हो गयी. देश में संक्रमण के कुल मामले बढ़ कर 81,285 हो गये हैं.

हुबेई और वुहान में जनवरी से बुधवार तक 3,169 लोगों की मौत हो गयी. इस संक्रमण का पहला मामला दिसंबर के अंत में वुहान में ही सामने आया था.

हुबेई स्वास्थ्य आयोग ने गुरुवार को कहा कि विभिन्न अस्पतालों में भर्ती 914 लोगों की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है जबकि 287 लोग बेहद नाजुक स्थिति में हैं.

वुहान में 50,006 मामलों के साथ प्रांत में कोरोना वायरस के संक्रमण के अब तक 67,801 मामले सामने आये हैं.

शिन्हुआ समाचार एजेंसी के मुताबिक हांगकांग में चार मौत सहित 410 मामले, मकाउ एसएआर में 30 मामले और दो मौत सहित ताइवान में 235 मामले सामने आये हैं.

हुबई में लॉकडाउन खत्म, वुहान में बस सेवाएं बहाल

इस बीच, चीन ने कोरोना वायरस के केंद्र वुहान में खतरे का स्तर उच्च से कम करके बुधवार को मध्यम कर दिया और नौ सप्ताह के लॉकडाउन के बाद पहली बार शहर में बस सेवाएं बहाल की गयीं.

चीन ने 5.6 करोड़ की आबादीवाले हुबेई प्रांत में लॉकडाउन खत्म करने का फैसला किया है.

न्यूज विंग की अपील

देश में कोरोना वायरस का संकट गहराता जा रहा है. ऐसे में जरूरी है कि तमाम नागरिक संयम से काम लें. इस महामारी को हराने के लिए जरूरी है कि सभी नागरिक उन निर्देशों का अवश्य पालन करें जो सरकार और प्रशासन के द्वारा दिये जा रहे हैं. इसमें सबसे अहम खुद को सुरक्षित रखना है. न्यूज विंग की आपसे अपील है कि आप घर पर रहें. इससे आप तो सुरक्षित रहेंगे ही दूसरे भी सुरक्षित रहेंगे.

इसे भी पढ़ें – कोरोना के चलते ओलंपिक सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द, ओलंपिक खेल 2020  अगले साल तक के लिए स्थगित किये जा चुके हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button