
Ranchi: इस बार रांची में रामनवमी की शोभायात्रा नहीं निकाली जायेगी. श्रीमहावीर मंडल रांची के अध्यक्ष जय सिंह यादव एवं मंत्री ललित ओझा ने समस्त अखाड़ेधारियों से अपील की है कि कोरोना के संकट को देखते हुए जनहित में सारे कार्यक्रम को स्थगित रखें.
मंगलवारी जुलूस, अष्टमी की झांकी एवं नवमी की शोभायात्रा नहीं निकाली जायेगी. यह निर्णय अखाड़ेधारियों के सुझाव पर किया गया है.
इसे भी पढ़ें – #LockdownNow: लोग निकल रहे हैं सड़कों पर, यही हाल रहा तो हेमंत सरकार लगा सकती है राज्य में कर्फ्यू
मंदिर में भक्तों को सैनिटाइजर दें एवं पूरी सुरक्षा बरती जाये
उन्होंने कहा कि सभी भक्तों से निवेदन है कि बिना भीड़-भाड़ के अपने मंदिर में पूजा अर्चना करें एवं मंदिर की साफ़ सफाई पर ध्यान दे. मंदिर में भक्तों को सैनिटाइजर दें एवं पूरी सुरक्षा बरती जाये. साथ ही राज्य में लॉक डाउन का पूरा पालन करें, साथ ही धारा 144 पर विशेष एहतियात बरतें.
श्री यादव ने बताया कि कोरोना का संकट ख़त्म होते ही अलग से रामनवमी की शोभायात्रा निकाली जायेगी, मंत्री ललित ओझा ने भी इसमें सहमति दी.
इसे भी पढ़ें – रांची जिला #Coronavirus : प्रशासन कोरोना को लेकर बढ़ा रहा तनाव, 2-3 महीने पहले विदेश से लौटे लोगों के घर चिपकाया पोस्टर
सरकार ने पूरे झारखंड को लॉक डाउन कर दिया है
राज्य सरकार ने पूरे झारखंड को लॉक डाउन कर दिया है. अगले 31 मार्च तक अब बिना सरकार के आदेश के जरूरी सेवाओं को छोड़ कर सब कुछ बंद रहेगा. इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ट्वीट कर कहा कि लॉकडाउन को अब भी कई लोग गंभीरता से नहीं ले रहे हैं. कृपया करके अपने आप को बचायें, अपने परिवार को बचायें, निर्देशों का गंभीरता से पालन करें. राज्य सरकारों से मेरा अनुरोध है कि वो नियमों और कानूनों का पालन करवायें. बता दें कि राज्य सरकार ने कोरोना वायरस से बचाव को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए रविवार को 31 मार्च तक लॉक डाउन लागू कर दिया है.
इसे भी पढ़ें – #LockdownNow : कांग्रेस विधायक दीपिका सिंह रिम्स से हुईं डिस्चार्ज, घर पर रहने की मिली सलाह



