
Dhanbad : सांसद पशुपति नाथ सिंह दिल्ली से सड़क मार्ग से धनबाद पहुंचे. लगभग बीस दिनों से वह दिल्ली में फंसे हुए थे. सांसद द्वारा दिल्ली से धनबाद तक यात्रा किये जाने की सूचना पाकर आज जिला प्रशासन ने उन्हें “होम क्वारंटाइन” में रहने को कहा है. साथ ही सांसद को सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन करने का निर्देश दिया गया है. अब मेडिकल टीम सैंपल लेकर उसकी जांच करेगी.
इसे भी पढ़ें – #CoronaUpdates : झारखंड में तीन और लोगों में कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि, राज्य में हुए 27 मामले, दो की हो चुकी है मौत
दिल्ली में नासाज होने लगी थी तबीयत
लोकसभा का सत्र चलने के कारण सांसद दिल्ली में थे और इसी बीच ट्रेन सेवा रद्द हो गयी. पूरे देश में लॉकडाउन लग गया. इस कारण सांसद दिल्ली में ही फंस गये थे. निकट भविष्य में ट्रेन या हवाई मार्ग की सेवा बहाल होने की कोई संभावना नहीं देखते हुए वे धनबाद चले आये. बताया गया है कि दिल्ली में अकेले रहने के कारण उनकी तबीयत भी नासाज होने लगी थी. जिस कारण वे सड़क मार्ग से ही धनबाद आ गये.
इसे भी पढ़ें – #Ranchi: कोरोना पॉजिटिव को हिंदपीढ़ी से ले जाने के विरोध और हंगामे को लेकर 500 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज
जांच के लिए पीएमसीएच भेजा जायेगा सैंपल
धनबाद जिला प्रशासन को जब इस बात की जानकारी मिली तो उपायुक्त अमित कुमार ने धनबाद के सीओ और बीडीओ को सांसद के आवास पर भेजकर उन्हें होम क्वारंटाइन होने की सूचना देने की जिम्मेवारी सौंपी. अंचलाधिकारी प्रशांत लायक ने बताया कि 14 दिनों तक सांसद अपने घर पर सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन करते हुए रहेंगे. मेडिकल टीम जल्द ही जांच के लिए सैंपल ले आयेगी. इस संबंध में सिविल सर्जन गोपाल दास ने कहा कि सूचना मिलते ही उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों की टीम को उनके आवास पर जांच करने को कहा. उन्हें होम क्वारंटाइन में रहने की सलाह दी गयी है. जांच के लिए सैंपल पीएमसीएच भेजा जायेगा.
इसे भी पढ़ें – गिरिडीह : कोरोना पॉजिटिव युवक की मां को एक क्वारेंटाइन सेंटर से दूसरे सेंटर में शिफ्ट किया गया



