
Chakradharpur : चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत नलिता पंचायत के कुरमुंडा-कुशलडीह के डोगरडीपा के सरकारी जमीन में एकलव्य विद्यालय स्थापना करने को लेकर पूर्व विधायक शशि भूषण सामड का प्रयास रंग लाया है. इसे लेकर शनिवार को पूर्व विधायक शशि भूषण सामड नलिता पंचायत के कुरमुंडा-कुशलडीह के डोगरडीपा के सरकारी जमीन का निरीक्षण करने पहुंचे. उन्होंने देखा कि स्कूल निर्माण के लिए जमीन 2 एकड़ 7 डिसमिल जमीन उपलब्ध है. जिसमें एकलव्य विद्यालय भवन का निर्माण हो सकता है. निरीक्षण के बाद पूर्व विधायक शशि भूषण सामड ने बताया कि प्रखंड में एकलव्य विद्यालय की स्थापना को लेकर जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को पत्र सौंपा गया था. मंत्री के आप्त सचिव ने उपायुक्त को पत्र भेजकर जमीन संबंधित कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि नलिता पंचायत में दो एकड़ सात डिसमिल सरकारी जमीन उपलब्ध है. जमीन संबंधित कार्रवाई पूरी होने के साथ ही स्कूल भवन का निर्माण होगा. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे स्कूल का निर्माण में सहयोग करें, ताकि इस क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके. मौके पर भाजपा नेता अनिल बोदरा, मुखिया आंती सामड, विनय सामड, कृष्णा गागराई, जुरा गागराई, नटवर हांसदा, वीरेंद्र हांसदा, मंगल सिंह हांसदा, डूबराज गागराई आदि ग्रामीण मौजूद थे.
बता दें कि पूर्व विधायक शशि भूषण सामड ने चक्रधरपुर में एकलव्य विद्यालय स्थापना के लिए जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा को एक पत्र सौंपा था. पत्र के आलोक में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के आप्त सचिव संजय बसु ने उपायुक्त पश्चिम सिंहभूम को एक पत्र भेजा है. पत्र में कहा गया है कि चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत नलिता पंचायत के कुरमुंडा-कुशलडीह के डोगरडीपा के सरकारी जमीन में एकलव्य विद्यालय स्थापना करने के लिए जमीन की जांच कर कल्याण विभाग को प्रस्ताव भेजने से संबंधित कार्रवाई सुनिश्चित करें.
इसे भी पढ़ें – CHAKRADHARPUR : पवन चौक पर दो युवक में जमकर मारपीट, टोटो चालक गंभीर रूप से घायल




