
Jamshedpur: झारखंड से राजस्थान की यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. टाटानगर से जयपुर के निकट खातीपुरा तक चलने वाली संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस का सोमवार को शुभारंभ किया गया. टाटानगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से सांसद विद्युत वरण महतो ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े. नई रेल सेवा शुरू होने से झारखंड के यात्रियों को राजस्थान के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों तक पहुंचने का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा.

जयपुर और खाटू श्याम जाने वाले यात्रियों को मिलेगी सुविधा
नई साप्ताहिक ट्रेन से जयपुर और खाटू श्याम मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा प्रयागराज, कानपुर और आगरा जैसे प्रमुख शहरों तक पहुंचना भी आसान होगा. करीब 1,677 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के बीच रेल संपर्क को बेहतर बनाने में मदद करेगी.
रांची, लोहरदगा और पलामू के यात्रियों को भी लाभ
संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस झारखंड के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों से होकर गुजरेगी. टाटानगर से रवाना होने के बाद ट्रेन चांडिल, पुरुलिया, मुरी, रांची, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डालटनगंज, गढ़वा रोड और जपला होते हुए आगे बढ़ेगी. इससे रांची, लोहरदगा और पलामू क्षेत्र के यात्रियों को भी लंबी दूरी की यात्रा के लिए एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा.
प्रयागराज, कानपुर और आगरा होते हुए पहुंचेगी राजस्थान
झारखंड के बाद ट्रेन डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से होकर गुजरेगी. इसके बाद मिर्जापुर, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, टूंडला और आगरा के रास्ते राजस्थान पहुंचेगी. राजस्थान में बांदीकुई और दौसा समेत कई स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव निर्धारित किया गया है. नई रेल सेवा से यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने में सुविधा होगी. खासकर राजस्थान जाने वाले श्रद्धालुओं और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों की यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह ट्रेन उपयोगी साबित हो सकती है.



