Jharkhand

कोडरमा: वृंदाहा जलप्रपात में लापता छात्र की तलाश तेज, पोकलेन मशीन से चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

Koderma: तिलैया थाना क्षेत्र के जरगा पंचायत स्थित प्रसिद्ध वृंदाहा जलप्रपात में गत 9 सितंबर से लापता बिहार के जहानाबाद निवासी 15 वर्षीय छात्र सागर कुमार की तलाश सोमवार को फिर से शुरू की गई है. पूर्व में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम और स्थानीय गोताखोरों ने कई दिनों तक खोजबीन की थी, लेकिन छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया था. अब परिजनों के आग्रह पर जिला प्रशासन तथा एसपी के निर्देश पर नए सिरे से तलाशी अभियान शुरू किया गया है. इस बार पोकलेन मशीन की मदद से संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है. मौके पर कोडरमा के अंचल अधिकारी रवि भूषण प्रसाद, तिलैया थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर विनय कुमार सिंह के अलावा पुलिस बल के जवान मौजूद हैं.

उम्मीद लगाए बैठे हैं परिवारजन

लंबे समय तक खोजबीन के बावजूद सागर का पता नहीं चलने से परिजन परेशान हैं. बेटे की तलाश की उम्मीद में परिजनों ने प्रशासन से दोबारा अभियान चलाने का आग्रह किया था. इसके बाद सोमवार को फिर से खोजबीन शुरू की गई. पोकलेन मशीन की मदद से संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है. हालांकि, खबर लिखे जाने तक छात्र का कोई पता नहीं चल पाया है. गौरतलब है कि वृंदाहा जलप्रपात में गहरे पानी और चट्टानों के कारण तलाशी अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. सागर की तलाश दोबारा शुरू होने से परिजनों को उसके मिलने की उम्मीद जगी है.

 

Related Articles

Back to top button