JamshedpurJharkhand

जमशेदपुर के छोटे और मंझोले कारोबारियों को बड़ी राहत, सैरात बाजार की दुकानों के किराये में बढ़ोतरी पर रोक

Ranchi : दीवाली से पहले राज्य सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग ने जमशेदपुर के छोटे और मंझोले दुकानदारों तथा कारोबारियों को बड़ी राहत देने का निर्णय लिया है. इस निर्णय के तहत जमशेदपुर शहर में पूर्व में निर्मित सैरात बाजार ( मार्केटिंग कंप्लेक्स ) की दुकानों के रेंट हुई वृद्धि को तत्काल वापस लेते हुए जबतक नई दर निर्धारित नहीं हो जाती, कारोबारियों को पुरानी दर से ही रेंट देना होगा. गुरुवार को राज्य सचिवालय प्रोजेक्ट भवन स्थित सभाकक्ष में राज्य सरकार के स्वास्थ्य मंत्री और जमशेदपुर पश्चिमी से विधायक बन्ना गुप्ता ने नगर विकास एवं आवास विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की और कई समस्याओं पर चर्चा हुई. बैठक में राज्य सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे भी मौजूद रहे.

बैठक में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन और नगर निकाय द्वारा सैरात बाजार की दुकानों के रेंट में की गयी वृद्धि न्यायोचित नहीं है. उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि बढ़ी हुई दर को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर उपायुक्त की अध्यक्षता में एक नयी समिति बनायें और दुकानों की वर्तमान स्थिति का आकलन करते हुए पुरानी दर पर आंशिक वृद्धि करें ताकि व्यापारियों पर भी ज्यादा दबाव न पड़े. उन्होंने कहा कि दुकान व बाजार के संरक्षण और जीर्णोद्धार के लिए पूर्व में टाटा की ओर से भी एक डेवलपमेंट प्लान तैयार किया गया था उसे भी निकाय और विभाग देख ले अगर सही लगे तो उसी के आधार पर या फिर खुद अपने स्तर से बाजार के विकास की योजना तैयार करे.

इस मौके पर नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे ने कहा कि जिला प्रशासन और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति संयुक्त रूप से बाजारों और दुकानों के लोकेशन और वर्तमान स्थिति का आकलन करे और इसकी ड्रोन मैपिंग भी कराये. जबतक नई दर निर्धारित नहीं हो जाती तबतक टाटा की ओर से 1985 में निर्धारित दर पर रेंट लिया जाये. इस बीच जिला प्रशासन और जेनैक रेंट दर में जायज विद्धि कर नयी दर निर्धारित करे.

इसे भी पढ़ें – नवप्रोनत 40 आइएएस की हुई पोस्टिंग, नागेंद्र कुमार सिन्हा बने डीडीसी रामगढ़

Related Articles

Back to top button