Jamtara

पार्टी के अंदर बढ़ती खाई को पाटने जामताड़ा पहुंचे गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे, वीरेंद्र को मनाया बाटुल को भी मनाएंगे

Jamtara: झारखंड विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच बढ़ रहे मतभेद और पार्टी के अंदर हो रहे बिखराव एवं अंतर्कलह को पाटने की कवायद पार्टी की ओर से तेज कर दी गई है. इसकी जिम्मेदारी गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे को पार्टी की ओर से मिली है. निशिकांत दुबे ने जामताड़ा जिला भाजपा में बिखराव और अंतर्कलह को पाटने का प्रयास तेज कर दिया है. उन्हें इसमें सफलता भी मिली. जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र से नाराज वीरेंद्र मंडल को उन्होंने मना लिया अब सत्यानंद झा बाटुल को भी मनाने में लग गए हैं.

शुक्रवार को वह जामताड़ा विधानसभा पहुंचे और यहां के पूर्व प्रत्याशी सह  नाला से टिकट के लिए इच्छुक वीरेंद्र मंडल के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की. लगभग 1 घंटे से अधिक दोनों के बीच बंद कमरे में मैराथन बैठक चली. उसके बाद दोनों बाहर निकले और स्थिति सामान्य दिखने लगी. सांसद निशिकांत दुबे ने आश्वस्त किया कि भाजपा में कहीं भी कोई बिखराव नहीं है. वीरेंद्र मंडल नाला से लड़ने को इच्छुक थे, लेकिन वहां से तीन प्रत्याशी थे और बोर्ड ने उसमें माधव चंद्र महतो को चुना. जामताड़ा से लड़ने के लिए वीरेंद्र मंडल इच्छुक नहीं थे. वे पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता एवं सच्चे सिपाही है और पार्टी के साथ खड़े हैं. उन्होंने कहा कि वह सत्यानंद झा बाटुल से भी मुलाकात करने का प्रयास कर रहे हैं चूंकि नाला से बाहर रहने के कारण उनकी आज उनसे मुलाकात नहीं हो पाई.

उन्होंने यहां तक आश्वस्त किया कि जो भी पार्टी के कर्मठ और ईमानदार कार्यकर्ता है, पुराने कार्यकर्ता हैं उन्हें सरकार बनने के बाद सम्मान जनक स्थान दिया जाएगा. साथ हीं गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने दावा किया है कि दो तिहाई बहुमत से झारखंड में बीजेपी की सरकार बनेगी. इतना ही नहीं संथाल परगना के सभी 18 सीटों पर भाजपा की जीत होगी.

Related Articles

Back to top button