JamtaraJharkhand

इरफान अंसारी के पक्ष में सीएम हेमंत व कल्पना सोरेन ने की सभा, लेकिन नहीं लिया सीता सोरेन का नाम

Jamtara: दूसरे चरण के मतदान का काउंटडाउन शुरू हो गया है. सोमवार शाम 5 बजे चुनावी प्रचार का भोंपू थम जाएगा. सोमवार को जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी इरफान अंसारी के पक्ष में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं उनकी धर्मपत्नी कल्पना सोरेन ने चुनावी सभा की. दोनों नेताओं ने भाजपा पर जमकर हमला बोला. आरोप प्रत्यारोप के तीखे वाण भी चले. लेकिन एक बार भी भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन का नाम दोनों में से किसी ने नहीं लिया.

इस बात से जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के मतदाता और झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता विशेषकर परेशान दिख रहे हैं. समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर हो क्या रहा है. हमारे नेता विपक्षी प्रत्याशी के विरुद्ध एक भी शब्द बोल क्यों नहीं रहे हैं. क्या अंदरखाने में कोई खिचड़ी पक रही है या चुनावी जंग के बीच में पारिवारिक रिश्ते को संभालने की कवायद चल रही है.

सीएम हेमंत सोरेन एवं कल्पना सोरेन ने सभा में कांग्रेस प्रत्याशी इरफान अंसारी के पक्ष में वोट मांगा. इस दौरान हिंदू-मुस्लिम, जात, धर्म, भ्रष्टाचार, घुसपैठ जैसे तमाम मुद्दों पर भाजपा को घेरने का काम दोनों शीर्ष नेताओं ने किया.

बता दें कि बीते दिनों आदिवासी एवं मुस्लिम बहुल इलाका नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र के रानीडीह में झामुमो नेत्री कल्पना सोरेन की चुनावी सभा हुई. चुनावी सभा में काफी संख्या में अल्पसंख्यक और आदिवासी समाज के लोग उनको सुनने पहुंचे थे. उनका पूरा भाषण भाजपा और मणिपुर हिंसा पर केंद्रित रहा. महिला अत्याचार पर काफी कुछ उन्होंने कहा. लेकिन एक बार भी पूरे चुनावी भाषण में सीता सोरेन का जिक्र तक नहीं किया. वहीं रविवार को जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के दक्षिणबहाल पंचायत क्षेत्र के टीकाडीह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गठबंधन के प्रत्याशी इरफान अंसारी के पक्ष में चुनावी सभा किया.

Related Articles

Back to top button