
Jamtara: भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता सह योग प्रशिक्षिका राफिया नाज रविवार को भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन के पक्ष में प्रचार के लिए जामताड़ा विधानसभा के दौरे पर पहुंचीं, इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया. प्रेस कांफ्रेंस के दौरान उन्होंने विधायक इरफान अंसारी पर सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा कि यह अलबेला मंत्री हैं जिन्हें क्या बोलना चाहिए इस बात का अंदाजा नहीं है. कभी सीता सोरेन को लेकर तो कभी उनके ऊपर और कभी फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत को लेकर जिन शब्दों का वह इस्तेमाल करते हैं, इससे महिलाओं को लेकर उनकी घटिया सोच सामने आती .वह कहीं से भी मर्यादित नहीं है. उनके इस बडबोलापन की वजह से यहां की जनता इस बार उनको धक्के मार कर बाहर निकलेगी. चुनाव में उनकी हार तय है. जनता माफ नहीं करेगी.
राफिया ने कहा कि इरफान अंसारी न हिंदू के हैं, न मुसलमान के और ना ही आदिवासियों के. यह सिर्फ पैसों के हैं और अपने आप के हैं. उन्होंने कहा कि इरफान अंसारी ने 10 साल तक यहां लोगों को बरगलाकर राज किया और आज भी उनकी मंशा यही है, महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक बयान देकर नारी शक्ति का अपमान करते हैं. राफिया ने कहा कि मुझे तो शर्म आती है मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर जो ऐसे अभद्र लोगों को गोद में बिठाकर रखे हुए है. उन्होंने कहा कि कल्पना सोरेन मंच पर आंसू बहाती हैं और प्रलाप करती हैं, लेकिन जनता के समक्ष यह नहीं बताती कि उनके अपने कार्यकाल में महिला आयोग का गठन क्यों नहीं हुआ. बहू बेटियों के खिलाफ जितने अत्याचार हो रहे हैं उसके ऊपर उन्होंने क्या कदम उठाया इसकी कोई जानकारी आम जनता को नहीं दी जाती है. इरफान जैसे लोग जो आए दिन महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक बातें बोलते हैं उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती है. उन्होंने कहा कि कल्पना सोरेन को इन सब बातों पर भी जनता को बताना चाहिए. राफिया ने दावा किया कि पूर्ण बहुमत के साथ झारखंड में इस बार एनडीए गठबंधन की सरकार बनने जा रही है. इस मौके पर जिला मीडिया प्रभारी आभा आर्या सहित अन्य भाजपा सदस्य उपस्थित थे.




