JamtaraJharkhandLead News

मंत्री इरफान अंसारी की किसानों से अपील: अधिकृत लैंपस में ही बेचें अपना धान, बिचौलियों से रहें सावधान

किसानों को 100 की बजाय 200 रुपया बोनस

Ranchi: समाहरणालय भवन, जामताड़ा स्थित एसजीएसवाई सभागार में खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री डॉ इरफान अंसारी की उपस्थिति में धान अधिप्राप्ति योजना का शुभारंभ किया गया. इस अवसर पर डीसी कुमुद सहाय, प्रबंध निदेशक, झारखण्ड राज्य खाद्य निगम सत्येंद्र प्रसाद, उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार एवं अन्य गणमान्य भी उपस्थित रहे. मौके पर डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि आज से पूरे राज्य भर में एक साथ धान क्रय की शुरुआत हुई है. सभी जिलों के डीसी को निर्देश दिया है कि धान क्रय एक छोटा कार्यक्रम जरूर है, लेकिन अहम कार्यक्रम है. सभी विधायकों से भी आग्रह किया गया है कि वे इस कार्यक्रम में जाएं एवं किसानों को मजबूत करें. जैसा कि जानकारी मिली है सभी मंत्रीगण भी क्षेत्र में हैं और धान अधिप्राप्ति कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं. इसके लिए उन सबों को धन्यवाद. किसान साल भर मेहनत करते हैं, पसीना बहाते हैं तब जाकर धान उपजता हैं. किसानों को उचित मूल्य नहीं मिलता है औने पौने दाम में बेचना पड़ता है. यहां का धान बंगाल जाता है. इस बार किसानों को धान के लिए प्रति क्विंटल 2300 रुपए एवं बोनस 100 मिलेगा. उन्होंने घोषणा करते कहा कि 100 नहीं, 200 रुपए किसानों को बोनस देंगे. किसानों को मजबूत करेंगे, उनकी आय एवं हर प्रकार से उन्हें मजबूत करेंगे, ताकि किसान आगे बढ़ें. सरकार किसानों को आगे बढ़ाने हेतु हर स्तर पर सोच रही है.

704 धान अधिप्राप्ति केंद्र का लाभ उठा रहे किसान

मंत्री ने कहा कि वर्तमान में राज्य के 704 धान अधिप्राप्ति केंद्रों में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों से धान अधिप्राप्ति  किया जा रहा है. राज्य में 2 लाख 33 हजार 289 किसान निबंधित हैं वहीं जामताड़ा में लगभग 6 हजार किसान निबंधित हैं. यहां कुल 17 लैंपसो में धान अधिप्राप्ति किया जा रहा है. राज्य में कुल 60 लाख क्विंटल धान के क्रय का लक्ष्य रखा गया है, जबकि जामताड़ा का लक्ष्य 2 लाख क्विंटल है. पीडीएस दुकानों को मजबूत करने की बात भी मंत्री ने की. ई पोश मशीन को 2-जी से 5-जी में अपग्रेड करने का भी भरोसा दिलाया. इसके अलावा धान अधिप्राप्ति को लेकर उन्होंने अधिकारियों से इस कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिया.

अपना धान पैक्स-लैंपस में ही बेचें: डीसी

डीसी कुमुद सहाय ने बताया कि जिले में धान अधिप्राप्ति को लेकर जिला प्रशासन के द्वारा सभी तैयारियों को पूर्ण किया गया है. खरीफ विपणन मौसम 2024-25 में इस वर्ष राज्य द्वारा 2,00,000 (दो लाख) क्विंटल धान क्रय का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके लिए सरकार के द्वारा धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2300 रुपये एवं बोनस 100 रुपये निर्धारित है. इस प्रकार कुल 2400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किसानों से धान का क्रय किया जा रहा है. 17 लैंप्स में धान की खरीदारी का शुभारंभ हो गया है. जिले के किसानों से अपील करते कहा कि धान विक्रय करने के लिए ज्यादा दूर नहीं जाना पड़े, इसके लिए लैंपस/ पैक्स को टैग किया गया है. किसानों के द्वारा विक्रय किए गए धान की राशि का भुगतान पीएफएमएस के माध्यम से उनके बैंक खाते में किया जाएगा. किसानों का धान बिचौलियों के माध्यम से ना बिके, पैक्स/लैंपस के माध्यम से ही बिके, इसके लिए मंत्री प्रयासरत हैं, जिला प्रशासन भी इसके लिए सदैव तत्पर है. उन्होंने सभी से अनुरोध करते कहा कि यहां से जाकर अपने अपने क्षेत्रों में लोगों के बीच व्यापक रूप प्रचार प्रसार करें कि अपना धान को पैक्स/लैंपस में ही बेचें. वहीं किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसका ध्यान पैक्स रखें.

प्रबंध निदेशक झारखण्ड राज्य खाद्य निगम सत्येंद्र प्रसाद ने कहा कि किसानों से प्राप्त किए जाने वाले धान का 50 प्रतिशत भुगतान 48 घंटे में एवं शेष का भुगतान राइस मिल पहुंचने पर हो जाएगा. अधिकतम 7 दिनों में किसानों को भुगतान हो जाएगा. यह प्रक्रिया 3 महीने में पूरी की जाएगी. जामताड़ा से यह प्रारंभ हुआ है, जामताड़ा मॉडल बन कर उभरे, यही कामना है. वहीं उन्होंने पैक्स से अनुरोध किया कि ज्यादा से ज्यादा किसानों से धान क्रय करें एवं किसानों को समुचित सहयोग करें. इसके अलावा मौके पर जामताड़ा लैंपस से इरफान अंसारी, कुमुद सहाय, प्रबंध निदेशक के द्वारा फीता काटकर धान अधिप्राप्ति का शुभारंभ किया गया एवं लैंपस का निरीक्षण किया. मंत्री की मौजूदगी में किसानों से धान क्रय किया गया. वहीं 2 किसानों को बीच मंत्री द्वारा डेमो चेक का भी वितरण किया गया.

Related Articles

Back to top button