
Jamshedpur : परसूडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी के रहनेवाले कल्लू प्रसाद एवं उसके परिवार के लोगों के खिलाफ बस्ती के लोगों ने मोर्चा खोल दिया है. उसके कारनामों की शिकायत मंगलवार को जिले के उपायुक्त से स्थानीय लोगों ने की. उनका कहना था कि कल्लू प्रसाद, राजन प्रसाद, नाकेश प्रसाद, चेती देवी, सुनैना देवी समेत अन्य लोगों ने बस्तीवासियों में भय का माहौल बना रखा है. रात के अंधेरे में बस्ती के घरों में चोरी करवाना, आस-पास की बस्तियों के घरों और अपने घर में अवैध देसी शराब दुकान का संचालन करना, बस्ती में जुआ अड्डा चलाना, शराब और गांजा के नशे में बस्ती के गरीबों को मारकर उनके घरों को हड़प लेना, सरकारी नालों से पानी भरने के एवज में पैसे ऐंठना एवं नलों में ताला लगाकर पानी बंद कर देना के अलावा आस-पास के दुकानों से रंगदारी के रुप में रुपये लेना उनका पेशा है. इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी के एक बड़े नेता का नाम लेकर कल्लू प्रसाद बस्ती में अपना दबदबा बनाने में लगा रहता है. उसके खिलाफ परसूडीह थाना समेत अन्य जगहों पर शिकायत की गई है. फिर उस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है.
झूठा एफआईआर दर्ज करने का आरोप लगाने पर भड़के लोग
दरअसल बस्तीवासियों का कल्लू प्रसाद और उसके परिवार के खिलाफ यूं ही एकाएक गुस्सा नहीं भड़का है. स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें पता चला है कि कल्लू की पत्नी चेती देवी ने बिरसानगर थाना में कुछ लोगों के खिलाफ जातिसूचक गाली देने, मोबाइल और चेन छिनतई और मारपीट करने की प्राथमिकी दर्ज करायी है. बस्तीवासियों ने जिला प्रशासन से मामले की गहन जांच करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि मामला झूठा निकला तो मामला दर्ज करवाने वालों पर पुलिस को गुमराह करने की कार्रवाई होनी चाहिए.
ये भी पढ़ें : Jamshedpur : घाटशिला महाविद्यालय का मुख्य द्वार एवं बाउंड्री वाल इसी माह से बनेगा – रामदास सोरेन




