
Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची के कोरोना वायरस के हॉट स्पॉट बने हिंदपीढ़ी इलाके में लॉकडाउन को सख्ती से लागू कराने और संक्रमण के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए मंगलवार को सीआरपीएफ की दो कंपनियां तैनात कर दी गयी हैं. सीआरपीएफ के जवानों ने पूरे इलाके में फ्लैग मार्च कर वहां की पूरी सुरक्षा संभाल ली. इस इलाके से किसी को कहीं भी आने-जाने की छूट नहीं दी जायेगी.
इसे भी पढ़ें – #Ranchi DC ने कहा – अब जहां कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलेंगे, उस इलाके को बनाया जायेगा माइक्रोकंटेनमेंट जोन
सीआरपीएफ के जिम्मे हिंदपीढ़ी कंटेनमेंट ज़ोन की सुरक्षा व्यवस्था
सीआरपीएफ के जिम्मे हिंदपीढ़ी कंटेनमेंट ज़ोन की सुरक्षा व्यवस्था सौंप दी गयी है. इसको लेकर डीसी राय महिमापत रे की अध्यक्षता में सीआरपीएफ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गयी थी. उपायुक्त के गोपनीय कार्यालय कक्ष में आयोजित इस बैठक के दौरान हिंदपीढ़ी के कमांड एंड कंट्रोल रूम के संचालन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गयी थी. बैठक के दौरान सीआरपीएफ को जिला प्रशासन के प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और कर्मियों से बेहतर समन्वय स्थापित करने का निदेश दिया गया. ज्ञात हो कि हिंदपीढ़ी कंटेनमेंट ज़ोन की सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जिम्मेवारी अब केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल को सौंप दी गयी है.
इसे भी पढ़ें – कोरोना के सभी मामलों को हिंदपीढ़ी से जोड़ना ठीक नहीं, संदिग्धों की ज्यादा जांच से बढ़ रहे केस : रांची डीसी
तीन शिफ्ट में सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया जायेगा
हिंदपीढ़ी कंटेनमेंट ज़ोन में तीन शिफ्ट में सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया जायेगा. जिससे पूरी मुस्तैदी के साथ लॉकडाउन का अनुपालन सनिश्चित किया जा सके. उपायुक्त राय महिमापत रे ने उपस्थित सीआरपीएफ के अधिकारियों से कहा कि हिन्दपीढ़ी कंटेन्मेंट ज़ोन रांची का हॉटस्पॉट बन चुका है. कोरोना संक्रमितों की संख्या हिन्दपीढ़ी में सबसे ज्यादा है.पूरे क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आवाजाही की कोई इजाज़त नहीं है. इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए.किसी व्यक्ति को अगर आपातकालीन मेडिकल सहायता की आवश्यकता है तो वैसी स्थिति में जिला प्रशासन द्वारा एम्बुलेंस भेज कर मरीज को वहां से अस्पताल ले जाया जायेगा. हमारे हेल्पलाइन नंबर चालू हैं. किसी भी आपात परिस्थिति में कोई भी व्यक्ति उन नम्बरों पर कॉल कर मदद मांग सकता है.
पुलिस द्वारा मामला भी दर्ज किया जायेगा: एसएसपी
एसएसपी रांची अनीश गुप्ता ने कहा कि रांची में लगातार कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है इसके बावजूद लोग इस बीमारी की गंभीरता को नहीं समझ रहे हैं. ऐसे में अब हमारी जिम्मेवारी बढ़ गई है कि लोगों से लॉकडाउन के नियमों और सामाजिक दूरी का पालन करायें. किसी भी हाल में किसी भी व्यक्ति को कंटेनमेंट जोन में आने-जाने की इजाजत नहीं दी जा सकती है. जरूरत पड़ने पर आमजन की सुरक्षा हेतु पुलिस द्वारा मामला भी दर्ज किया जाएगा. बैठक के दौरान सीआरपीएफ के अधिकारी ने कहा कि, हमारी टीम का पूरा सहयोग जिला प्रशासन को मिलेगा.हमारे जवान पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करेंगे और आमजनों की सुरक्षा हेतु हम हमेशा की तरह तत्पर हैं.



