
Ghatshila : मुसाबनी टाउनशिप स्वच्छता एवं सहयोग समिति की बैठक प्रखंड विकास पदाधिकारी सीमा कुमारी की अध्यक्षता में प्रखंड कार्यालय में मंगलवार को आयोजित हुई. इस बैठक में निर्णय लिया गया कि विधायक निधि से मिले पांच लाख रुपये से टाउनशिप का कचरा उठाव के लिए साइकिल, रिक्शा एवं सफाई सामाग्री की खरीद की जाये. साथ ही वर्तमान में टाउनशिप में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था पुरानी सामाग्री से करने के कारण विद्युत आपूर्ति अनियमितता के संबंध में सुधार करने के लिए विद्युत विभाग को तत्पर रहने का निर्देश देने का भी निर्णय लिया गया. बैठक में जानकारी दी गयी कि कंपनी तालाब का केबल जलने के कारण विगत चार दिनों से पानी सप्लाई बंद है. केबल उपलब्ध कराने के लिए एचसीएल से पत्राचार किया गया है. साथ ही मुसाबनी नंबर-2 स्थित पानी टंकी का पाइप बदलने से संबंधित जानकारी भी दी गयी. इसमें और चार से पांच दिन का समय लगने की बात बतायी गयी.
सेवा शुल्क जमा करने के लिए तीन दिनों की मोहलत
बैठक में मुसाबनी टाउनशिप स्वच्छता एवं सहयोग समिति में कार्यरत कर्मचारियों द्वारा जो भी सेवा शुल्क अभी तक जमा नहीं किया गया है. उन सबको तीन दिन की मोहलत सेवा शुल्क जमा करने के लिए दिया गया है. समय अवधि में जमा नहीं करने पर वैसे कर्मचारी पर वित्तीय अनियमितता के मामले में एफआइआर दर्ज करने का निर्णय लिया गया है. बैठक में समिति के अध्यक्ष बुद्धेश्वर मुर्मू, महासचिव तुषार कांत पातर, प्रधान सोरेन, बाजार समिति के अध्यक्ष सरदार राजू सिंह, लक्ष्मण चंद्र बाग, साबिर, मुन्ना मुखी, तंगराज, मृत्युंजय दास, अर्जुन सिंह आदि उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें- लोहरदगा : नक्सलियों के खिलाफ मिली कामयाबी, भारी मात्रा में हथियारों का जखीरा बरामद




