
Ranchi: रांची जिला प्रशासन द्वारा वैश्विक महामारी कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम के लिए किये जा रहे कार्यों को लेकर शुक्रवार को श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय सभागार में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में कोविड-19 के बढ़ते प्रसार की रोकथाम और इसके मद्देनजर की जानेवाली तैयारियों और सावधानियों को लेकर चर्चा की गयी.
कोरोना की रोकथाम के लिए कार्य कर रहे विभिन्न कोषांगों के अलावा अलग टेस्टिंग सेल का गठन किया गया है. इस सेल के गठन होने के बाद कोविड-19 जांच में और तेजी आयेगी. बैठक में उपायुक्त छवि रंजन ने कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग, सैंपल कलेक्शन, एम्बुलेंस के ससमय पहुंचने के बारे में संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. बैठक में उन्होंने कहा कि कोरोना से सम्बंधित सभी कार्य इंसीडेंट कमांडर करेंगे. प्रत्येक 3 घंटे में उन्हें रिपोर्टिंग करनी है. जितने भी कोविड केस हैं उनकी कम्पलीट रिपोर्ट भेजनी है. प्रत्येक पॉजिटिव मरीज को एडमिट करने के 24, 36 और 72 घंटे में रिपोर्ट ली जायेगी. बैठक में उपायुक्त ने टोटल नंबर ऑफ कांन्टैक्ट ट्रेसिंग और उनमें कितने टेस्ट किये गये इसकी रिपोर्ट हर दिन देने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें – Coronavirus: सरकार ने जारी की नई गाइडलाइन, झारखंड आने वालों को इन बातों का रखना होगा ध्यान
कंटेनमेंट जोन को डीनोटिफाई करने के लिए दिशा-निर्देशों का करें पालन
बैठक में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार के अध्यक्ष सह उपायुक्त छवि रंजन ने सभी इंसिडेंट कमांडर से कहा कि कंटेनमेंट जोन को डीनोटिफाई करने का प्रस्ताव भेजने से पहले सभी दिशा-निर्देशों का समुचित अनुपालन सुनिश्चित करें. जो संक्रमित मरीज होम आइसोलेशन में रहना चाहते हैं उनके घर में उपलब्ध सुविधाओं को अच्छी तरह से जांच लें एवं इससे संबंधित सहमति मरीज से आवश्यक रूप से लें. श्री रंजन ने कहा कि मरीज की पुष्टि होने के बाद घर से बाहर पोस्टर चिपकाएं ताकि दूसरे लोगों को संक्रमण के खतरे के बारे में पता चल सके. उन्होंने सभी इंसिडेंट कमांडर को निर्देश दिया कि अगर किसी संदिग्ध मरीज की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो 2 घंटे के अंदर सारे प्रोटोकॉल को पूरा करते हुए मरीज के इलाज की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करें.
होम आइसोलेशन के इंस्पेक्शन के लिए भी उपायुक्त ने इंसिडेंट कमांडर को निर्देश दिये. बैठक में उपायुक्त ने कहा कि सिविल सर्जन मेडिकल टीम के साथ कोऑर्डिनेट करें और वर्क फोर्स की कमी हो रही है तो इसकी जानकारी दें, वर्क फोर्स तत्काल उपलब्ध कराया जायेगा. बैठक में सीवियर, माइल्ड और एसिम्प्टोमैटिक कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए जिला प्रशासन द्वारा की जाने व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गयी. निजी होटल संचालकों से समन्वय स्थापित कर एसिम्प्टोमैटिक मरीजों को रखे जाने की व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिये.
इसे भी पढ़ें – कोरोना काल में सरकार की पाबंदियों को नहीं मान रहा झारखंड, नतीजा हो रहा कोविड-19 ब्लास्ट



