
Jamtara: साइबर अपराधियों के विरुद्ध जामताड़ा साइबर थाना पुलिस की चलाए जा रहे मुहिम में शनिवार को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है. जिसमें एक हिस्ट्री सीटर साइबर अपराधी धीरज मंडल उर्फ ओमप्रकाश मंडल को करमाटांड़ थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव से गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार साइबर अपराधी का पुराना आपराधिक इतिहास है. वर्ष 2020 में जामताड़ा थाना के एक मामले में जेल जा चुका है. वहीं वर्ष 2021 में जामताड़ा साइबर थाना में भी उसके विरुद्ध कांड दर्ज है.
मालूम हो कि एसपी अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि करमाटांड़ थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव में साइबर अपराधी एकजुट होकर फिशिंग की घटना को अंजाम दे रहे हैं. उस सूचना का सत्यापन करते हुए साइबर डीएसपी अशोक कुमार राम के नेतृत्व में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान एवं अन्य पुलिसकर्मी को शामिल करते हुए टीम गठित की गई. उसके बाद टीम के द्वारा करमाटांड़ थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव में साइबर अपराधियों के विरूद्ध छापामारी की गई. जिसमें साइबर अपराध की घटना को अंजाम देते हुए साइबर अपराधी धीरज मंडल उर्फ ओम प्रकाश मंडल को रंगे हाथों दबोचा गया है. गिरफ्तार साइबर अपराधी के पास से 3 फर्जी मोबाईल, 7 सिमकार्ड बरामद किया गया है. इस संबध में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान ने बताया कि गिरफ्तार साइबर अपराधी के विरुद्ध जामताड़ा साइबर थाना में कांड संख्या 25/24 आईटी एक्ट एवं आईपीसी की विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया है. गिरफ्तार साइबर अपराधी को शनिवार को ही मेडिकल जांच करवा कर जामताड़ा कोर्ट में पेश किया गया. जहां से न्यायायिक अभिरक्षा में मंडल कारा जामताड़ा भेज दिया गया है.
अपराध शैली
शेखपुरा से गिरफ्तार किए गए साइबर अपराधी फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लोगों को फोन करके सोलह अंक का एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी नंबर एवं ओटीपी नंबर प्राप्त कर विभिन्न ई-वॉलेट एवं फर्जी बैंक खातों के माध्यम से अपने खातों में ट्रांसफर कर साइबर ठगी करता था. इसका पुराना आपराधिक इतिहास भी है. जिसमें धीरज मंडल उर्फ ओम प्रकाश मंडल के विरुद्ध साइबर अपराध थाना कांड संख्या 70/21 दर्ज है और उसमें में आरोपित भी है. वही उसके विरुद्ध जामताड़ा थाना कांड संख्या 39/20 भादवि की विभिन्न धाराओं में दर्ज एवं आरोपित है.
इसे भी पढ़ें: सचिवालय सेवा में पद सृजन के बजाय कार्मिक ने कटौती का प्रस्ताव तैयार किया, विरोध




