Jamtara

जामताड़ा व नाला में कांटे का मुकाबला, कल आएगा परिणाम, विस अध्यक्ष की प्रतिष्ठा दांव पर

कड़ी सुरक्षा घेरे में वज्रगृह, कल सुबह आठ बजे से होगी मतगणना, अटकलों का बाजार गर्म

Jamtara: नवंबर को विधानसभा चुनाव संपन्न होने के जामताड़ा व नाला क्षेत्र के सभी ईवीएम पाथरचपरा स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में बने वज्रगृह में सुरक्षित रखा गया है. पॉलिटेक्निक कॉलेज की सुरक्षा केंद्रीय बल एवं जिला पुलिस बल के जिम्में है चप्पे- चप्पे पर सशस्त्र बल की तैनाती है. सुरक्षा इतनी कड़ी है कि वहां परिंदा भी पर नहीं मार सके. जिले के वरीय पदाधिकारियों द्वारा लगातार वज्रगृह सह मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया जा रहा है 23 नवंबर को कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी. नाला एवं जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों का भाग्य का फैसला होगा.

बता दें कि नाला विधानसभा क्षेत्र से कुल 17 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जामताड़ा जिला ही नहीं राज्य में सर्वाधिक मतदान प्रतिशत नाला विधानसभा का ही रहा है. यहां 80% का आंकड़ा पार कर गया है. वहीं जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र से कुल 13 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. यहां भी मतदान का प्रतिशत काफी अच्छा रहा है. 23 नवंबर को सुबह 8:00 बजे से पाथरचपरा स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में मतगणना का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। दोपहर तक संभावना है कि दोनों विधानसभा क्षेत्र की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी की नाला एवं जामताड़ा विधानसभा का ताज किसके सिर पर सजने जा रहा है और किसे हार की मुंह देखनी पड़ रही है। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा और इंडिया गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है. नाला से विधानसभा अध्यक्ष सह झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी रविंद्रनाथ महतो किस्मत आजमा रहे हैं, वहीं भाजपा से माधव चंद्र महतो चुनौती दे रहे हैं.

वहीं दूसरी ओर जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी सह ग्रामीण विकास मंत्री इरफान अंसारी एवं भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन के बीच सीधा मुकाबला है. जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में ऊंट किस करवट बैठेगा इसका अंदाजा लगाना काफी कठिन हो रहा है. चौक चौराहे पर हो रहे चर्चा और राजनीतिक गलियारे में हो रही खुसर-फुसर से इस बात का अंदाजा लगाया जा रहा है की जीत चाहे जिसकी भी हो वह चमत्कार ही होगा। आलम यह है कि कोई भी प्रत्याशी चाहे जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र का हो या फिर नाला विधानसभा क्षेत्र का जीत का दावा कर पाने की स्थिति में नहीं है.

Related Articles

Back to top button