HazaribaghJharkhandLead News

सांसद जयंत सिन्हा को सर्वश्रेष्ठ सांसद व संसदीय वित्त समिति को ‘संसद महारत्न पुरस्कार’ से किया गया सम्मानित

Ramgarh : हज़ारीबाग के सांसद सह अध्यक्ष वित्त संबंधी संसदीय स्थायी समिति जयंत सिन्हा को सर्वश्रेष्ठ सांसद और उनकी अध्यक्षता वाली वित्त संबंधी संसदीय स्थायी समिति को 5 वर्षों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘संसद महारत्न पुरुस्कार 2024’ से सम्मानित किया गया है. जयंत सिन्हा को 17 फरवरी को नई दिल्ली में इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया. जयंत सिन्हा ने इस दौरान निर्णायक समिति के अध्यक्ष केंद्रीय कानून राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल और उपाध्यक्ष पूर्व इलेक्शन कमिशन टीएस कृष्णामूर्ति का आभार व्यक्त किया.

जयंत सिन्हा का सांसद के रूप में लोकसभा में और उनकी अध्यक्षता वाली वित्त समिति का बहुत ही बेहतर प्रदर्शन रहा है. वे हज़ारीबाग लोकसभा का प्रतिनिधित्व करते हुए सदन के सभी सत्रों में क्षेत्र व राष्ट्र से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दे उठाते रहे हैं. उन्होंने पिछले 5 वर्षों में सदन में देशहित से जुड़े 13 प्राइवेट मेंबर बिल प्रस्तुत किये हैं. 2019 से लेकर अभी तक सदन में लगभग 1,000 प्रश्न उठाये हैं. 24 विषयों पर डिबेट की है और जीरो आवर के तहत 54 और नियम 377 के तहत 29 महत्वपूर्ण मुद्दों पर सदन का ध्यान आकृष्ट करवाया है. साथ ही उनकी उपस्थिति लगभग 100 प्रतिशत रही है.

जयंत सिन्हा की अध्यक्षतावाली वित्त संबंधी संसदीय स्थायी समिति ने 5 वर्षों में महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसके आधार पर केंद्र सरकार की नीतियां बनीं. यह समिति वित्त मंत्रालय से जुड़े विधेयकों का अध्यन्न करती है और समिति के सुझावों के आधार पर केंद्र सरकार संशोधनों को सदन में लाती है, जिससे देश का कानून बनता है. उनकी अध्यक्षतावाली समिति देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है.

जयंत सिन्हा ने इस सुअवसर पर कहा कि मुझसे बहुत लोग पूछते हैं कि आप अपना सफल और प्रगतिशील कैरियर छोड़कर राजनीति में क्यों आये? तो मैं उनसे यही कहता हूं कि मेरा मूलमंत्र ‘सेवा परमो धर्मः’ है. मैं हज़ारीबाग लोकसभा की जनता के आशीर्वाद व विश्वास से ही सेवा कर पाता हूं. मेरे क्षेत्र की जनता ने मुझे चुनाव में दो बार ऐतिहासिक जीत दिला कर अपना आशिष दिया है. इसलिए मैं यह सम्मान अपने हज़ारीबाग व रामगढ़ के परिवार को समर्पित करता हूं. नये भारत के निर्माण में योगदान देना मेरे लिए अत्यंत गर्व व सौभाग्य की बात है. मैं समिति के सभी सदस्यों का उनके सहयोग के लिए धन्यवाद देता हूं. मुझे विश्वास है कि 2024 में भी मेरे क्षेत्र की देवतुल्य जनता अपना आशिष देगी.

जयंत सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों की सेवा करना मेरा परम सौभाग्य है. प्रधानमंत्री नरेदंर मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मुझे जो ज़िम्मेदारी दी है, उसके लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं. उनके नेतृत्व में मैं अपनी जिम्मेदारियों का आगे भी पूरी निष्ठा, समर्पण व ऊर्जा से निर्वहन करता रहूंगा.

इसे भी पढ़ें – जेएसएससी सीजीएल पेपर लीक मामले की CBI जांच को लेकर आजसू पार्टी ने राजभवन के समक्ष किया प्रदर्शन

Related Articles

Back to top button