JharkhandLead NewsRanchi

जेएसएससी सीजीएल पेपर लीक मामले की CBI जांच को लेकर आजसू पार्टी ने राजभवन के समक्ष किया प्रदर्शन

Ranchi : अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू पार्टी) ने जेएसएससी सीजीएल परीक्षा पेपर लीक मामले की सीबीआइ जांच समेत अन्य मांगों को लेकर शनिवार को राजभवन के समक्ष एकदिवसीय प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के बाद आजसू ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा. राज्य के सभी जिलों से आये आजसू पार्टी के सैकड़ों सदस्यों के साथ कई छात्रों और अभ्यर्थियों ने भी इस प्रदर्शन में हिस्सा लेकर मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआइ से कराने को लेकर अपनी आवाज बुलंद की. मौके पर आजसू पार्टी के छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने कहा कि उनकी पार्टी छात्रों के हक, अधिकार और हित से जुड़े सभी विषयों को मुखरता से उठाते आयी है. जेएसएससी सीजीएल पेपर लीक मामले में घोर निद्रा में सोयी सरकार को उठाने का काम आजसू पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने किया था. उन्होंने विधानसभा के विशेष सत्र में राज्य के लाखों छात्रों के हित में पेपर लीक मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी. इसके बाद सरकार ने आनन-फानन में एसआइटी का गठन किया. राज्य के सभी छात्र इस एसआइटी से संतुष्ट नहीं हैं. इस मामले में उच्च अधिकारियों की संलिप्तता भी सामने आयी है, इसलिए इसकी निष्पक्ष जांच सीबीआइ से करानी आवश्यक है.

आजसू पार्टी के प्रदेश महासचिव विशाल महतो ने कहा कि सरकार ने अपनी गलत नीति से राज्य के युवाओं के भविष्य को बर्बाद किया है. युवाओं के हक की नौकरी का 27-27 लाख रुपये में सौदा करने वाली सरकार कभी न झुकने का दंभ भर रही है. इन्होंने सिर्फ नौकरी ही नहीं, हम जैसे लाखों युवाओं के सपनों और उनके परिश्रम को भी बेच दिया है. युवा इन्हें झुकायेंगे भी और सत्ता से हटायेंगे भी. जमीन पर आंदोलन कर रहे छात्रों से नजर नहीं मिला पा रही है, इसलिए झुकने में असमर्थ है यह सरकार.

राज्य के लाखों छात्रों को न्याय मिले, इसके लिए जेएसएससी सीजीएल पेपर लीक मामले को लेकर आजसू ने चरणबद्ध आंदोलन किया. इसके तहत 12 फरवरी को सभी कॉलेज/विश्वविद्यालय मुख्यालय पर हस्ताक्षर अभियान, 13 फरवरी की संध्या में मशाल जुलूस और प्रदर्शन, 15 फरवरी को सभी उपायुक्त को सीबीआइ जांच की मांग के लिए पत्र सौंपा गया और अब राजभवन के समक्ष एकदिवसीय प्रदर्शन का आयोजन किया गया.

प्रदर्शन में आजसू पार्टी के प्रधान महासचिव और पूर्व मंत्री राम चन्द्र सहिस, केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय प्रवक्ता सुधीर यादव, केंद्रीय महासचिव रविशंकर मौर्य, समेत रांची विश्वविद्यालय अध्यक्ष अभिषेक शुक्ला, नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय अध्यक्ष अभिषेक राज, विनोबा भावे विश्वविद्यालय अध्यक्ष अनुराग भारद्वाज देवा महतो, कोल्हान विश्वविद्यालय अध्यक्ष हेमंत पाठक धर्मराज प्रधान, सिद्दो कान्हु विश्वविद्यालय अध्यक्ष निर्मल मंडल समेत कई छात्र भी शामिल हुए.

इसे भी पढ़ें – सीएम चंपाई सोरेन पहुंचे एयरपोर्ट, थोड़ी देर में दिल्ली के लिए होंगे रवाना

Related Articles

Back to top button