
Jamshedpur : शहर में आए दिन चोरी की वारदातें हो रही है. अधिकांश मामलो में घर का ताला तोड़कर चोर घटना को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा में हुयी चोरी की घटना इससे कुछ अलग है. यूं कहें कि घरवालों की लापरवाही से चोरी की यह घटना हुई तो कहीं से भी गलत नहीं होगा. दरअसल वहां पंचायत भवन के पास रहनेवाले दीपक मुंडा के घरवाले रात को दरवाजा खोलकर ही सो गये. इस बीच मौका पाकर चोरों ने जेवरात समेत 50 हजार के सामान पर हाथ साफ कर लिए.
गुरुवार की सुबह जब घरवालों की नींद खुली तो उन्होंने सारे सामान बिखरे पाए. जांच में पाया कि अलमीरा भी खुला हुआ है और उसमें रखे जेवरात और नकद गायब हैं. इससे घरवाले चकित हो गए. उनका कहना है कि मसाला रखनेवाले डब्बे में अलमीरा की चाभी छुपाकर रखी हुई थी, बावजूद इसके चोरों ने उसे कैसे ढ़ूंढ़ लिया और चोरी की घटना को अंजाम दे डाला. इतना ही नहीं, घरवालों का यह भी कहना है कि उन्होंने दरवाजा जरुर खुला छोड़ा था, लेकिन आंख लगते ही अचानक वे गहरी नींद में कैसे चले गए यह उन्हें पता ही नहीं चला. आशंका जतायी जा रही है कि चोरों ने स्प्रे का इस्तेमाल किया है. घटना के बाद इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई. उसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
पुलिस की नजर में संदेहास्पद है मामला
वैसे मामले की जांच में जुटी परसुडीह पुलिस की नजर में मामला संदेहास्पद है. इस मामले में परिवार से जुड़े किसी करीबी की संलिप्तता की आशंका जतायी जा रही है. हालांकि फिलहाल पूरा मामला पुलिस की जांच की विषय बना हुआ है, उसके बाद ही इसके खुलासे की उम्मीद जतायी जा रही.
ये भी पढ़ें- DEOGHAR: 21 साइबर अपराधियों की संपत्ति होगी जब्त, ईडी को भेजा गया प्रस्ताव




