
Ranchi: कोरोना संक्रमण का खतरा अब भी बना हुआ है. केंद्र से लेकर राज्य सरकार लगातार इसके खतरे को कम करने में जुटी हैं. फिर भी लोग कोरोना प्रोटोकॉल का उल्लंघन कर रहे हैं. पर्व त्योहार का सीजन शुरू है. इसकी खुमारी में लोग बाजारों में बिना मास्क लगाये घूम रहे हैं. सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं हो रहा है. इसे लेकर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने चिंता जतायी है. बुधवार को उन्होंने स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी को बुला कर कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर जारी प्रयासों पर चर्चा की. वेतन के अभाव में गोड्डा में कार्यरत डॉक्टर विजय कृष्ण श्रीवास्तव के मामले पर भी उन्होंने निराशा जाहिर की.
इसे भी पढ़ें – बिहार चुनाव में राजनाथ सिंह और योगी की इंट्री, CAA, राम मंदिर, Article 370, पाकिस्तान भाषण में छाये रहे
खत्म नहीं हुआ है कोरोना
द्रौपदी मुर्मू ने स्वास्थ्य सचिव से कहा कि अभी कई लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है. उन्हें लगता है कि कोरोना समाप्त हो गया है जबकि हर दिन हजारों लोग संक्रमित हो रहे हैं. लोगों को जान भी गंवानी पड़ रही है. लोगों ने मास्क का उपयोग करना छोड़ दिया है. लोगों को जागरूक करने की जरूरत है कि जब तक कोरोना की दवाई नहीं तैयार हो जाती, परहेज करना ही इसका उपचार है. इस दिशा में लगातार जागरूकता अभियान चले.
इसे भी पढ़ें – आइआइटी खड़गपुर ने कोरोना वायरस की जांच के लिए बनायी मशीन ‘कोविरैप’, सिर्फ 500 रुपये में हो सकेगी जांच
डॉक्टर की मौत दुखद
राज्यपाल ने गोड्डा में कार्यरत डॉक्टर विजय कृष्ण श्रीवास्तव की संदेहास्पद परिस्थितियों में हुई मौत पर चिंता जतायी. उन्होंने सचिव से स्वास्थ कर्मियों को ससमय वेतन दिये जाने पर ध्यान देने को कहा. उन्होंने कहा कि कोरोना काल में मेडिकल सेवा से जुड़े लोग बड़ी भूमिका निभा रहे हैं. वे बड़े कोरोना वारियर्स हैं. उनके उत्साह को बढ़ाने की जरूरत है. ऐसे में मेडिकलकर्मियों के वेतन भुगतान जैसे मसले को सीरियसली देखा जाये.
इसे भी पढ़ें – 31 लाख केंद्रीय कर्मचारियों को खुशखबरी, विजयादशमी पर मिलेगा बोनस



