Jharkhand

गम्हरिया की घटना पर भड़की भाजपा, बुंडू में सुभाष चौक पर प्रदर्शन; महिला सुरक्षा को लेकर उठाए सवाल

गम्हरिया की घटना पर भड़की भाजपा, बुंडू में सुभाष चौक पर प्रदर्शन; महिला सुरक्षा को लेकर उठाए सवाल

गम्हरिया की घटना पर भड़की भाजपा, बुंडू में सुभाष चौक पर प्रदर्शन; महिला सुरक्षा को लेकर उठाए सवाल

रांची: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार शाम बुंडू के सुभाष चौक पर भाजपा बुंडू मंडल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शाम छह बजे हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

भाजपा नेताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि थाना परिसर जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह पर महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना सामने आना बेहद चिंताजनक है। नेताओं ने कहा कि इस घटना ने राज्य में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की। साथ ही राज्य सरकार से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।

भाजपा नेताओं का कहना था कि महिलाओं की सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की भी प्राथमिकता होनी चाहिए। ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा कायम रह सके।

कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

विरोध प्रदर्शन में भाजपा जिला मंत्री धीरेन महतो, युवा मोर्चा ग्रामीण जिलाध्यक्ष विवेकानंद जायसवाल, वरिष्ठ कार्यकर्ता रंजीत लहेरी, नगर मंडल अध्यक्ष सुबोध मुखर्जी, उपाध्यक्ष मुकेश मुंडा, भास्कर मुखर्जी, कृतिवास भोगता, विशाल कुमार, बंटी चौधरी, श्रीपति महतो और लक्ष्मीनारायण महतो समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।

गम्हरिया की घटना को लेकर भाजपा के इस प्रदर्शन ने राज्य में महिला सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।

Related Articles

Back to top button