
रामलीला मैदान में विपक्ष की महारैली पर बीजेपी का हमला, कहा- ‘फिर लगने लगा ठगों का मेला’

नई दिल्ली: देश विरोधी एसआईआर के खिलाफ और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस की अगुआई में विपक्ष की महारैली आयोजित की जा रही है। दिल्ली के रामलीला मैदान में भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने दावा किया है कि इस रैली में 10 लाख लोग शामिल होंगे, जबकि मैदान की क्षमता करीब 50 हजार बताई जा रही है। इस बीच बीजेपी ने विपक्ष की रैली पर तीखा हमला बोला है।
बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि आज दिल्ली के रामलीला मैदान में फिर से ‘ठगों का मेला’ लगने वाला है। पार्टी ने आरोप लगाया कि विपक्ष का मकसद अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए देश विरोधी ताकतों के इशारे पर अफवाह और अराजकता फैलाना है। बीजेपी ने इस महारैली को लेकर एक पोस्टर भी जारी किया है।
1984 के सिख विरोधी दंगों का भी किया जिक्र
बीजेपी ने विपक्ष की रैली के दिन 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि इसी दिन देश के कई हिस्सों में हिंसा हुई थी। लोगों के घर जला दिए गए थे और बड़े पैमाने पर कत्लेआम हुआ था। पार्टी ने इस ऐतिहासिक घटना को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है।
हरिनगर से बीजेपी का मार्च, हरदीप सिंह पुरी करेंगे अगुआई
विपक्ष की महारैली के बीच बीजेपी भी 1984 के सिख विरोधी दंगों के खिलाफ प्रदर्शन करने जा रही है। इस प्रदर्शन की अगुआई केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी करेंगे। बीजेपी का मार्च हरिनगर से शुरू होगा।
गौरतलब है कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में हिंसा भड़क उठी थी, जिसमें बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोगों की जान गई थी। ऐसे में आज दिल्ली में एक तरफ विपक्ष की महारैली और दूसरी तरफ बीजेपी का प्रदर्शन राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा रहा है।




