Corona_Updates

Garhwa : कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद दो मुहल्लों के तीन किलोमीटर का एरिया सील

Palamu / Garhwa : पलामू प्रमंडल के गढ़वा में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गयी है. बुधवार देर शाम गढ़वा के संदिग्ध में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी. इसके बाद उसके घर के आसपास के तीन किलोमीटर के एरिया को सील कर दिया गया है.

वहीं मरीज के घर के आसपास के एरिया को सैनिटाइज किया गया है. पुलिस-प्रशासन लोगों से घरों में रहने की अपील कर रहा है. साथ ही बाहर निकलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गयी है.

आम लोगों में दहशत का माहौल हो गया है. प्रशासन ने पॉजिटिव पाये गये मरीज को देर रात में मेराल प्रखंड मुख्यालय के ज्योति नर्सिंग होम एंड रिसर्च सेंटर में बनाये गये कोविड वार्ड में भर्ती कराया.

इसे भी पढ़ें – देश में कोरोना के केस बढ़कर 21,393, मरने वालों की संख्या 681

इन मुहल्लों को किया गया सील

उपायुक्त हर्ष मंगला ने रात में ही अधिकारियों के साथ बैठक कर पॉजिटिव पाए गए मरीज के घर के एरिया को पूरी तरह से सील करने का निर्देश दिया. डीसी के निर्देश के बाद साईं मुहल्ला, गढ़ देवी मोहल्ला सहित शहर के बड़े हिस्से को पुलिस प्रशासन ने पूरी तरह सील कर दिया है.

डीसी ने सील किये गये इलाके के लोगों से डरने नहीं बल्कि एहतियात के तौर पर अपने-अपने घरों में रहने की अपील करते हुए कहा है कि प्रशासन जनता के साथ है.

इधर, मेराल प्रखंड मुख्यालय के कोविड हॉस्पिटल में मरीज के आने से आसपास के इलाके में भी दहशत है. पुलिस प्रशासन द्वारा हॉस्पिटल तथा एनएच 39 पर सख्ती बढ़ा दी गई है.

इसे भी पढ़ें – #CoronaCrisis: केंद्रीय कर्मियों को नहीं मिलेगा 18 महीने का महंगाई भत्ता, सीनियर अधिकारी को करीब 2.5 लाख का नुकसान

आइसोलेशन वार्ड के बजाय किया होम क्वारंटाइन

19 अप्रैल को गढ़वा पुलिस 60 वर्षीय व्यक्ति सहित उसके परिवार के 6 सदस्यों को अस्पताल में जांच के लिए ले गयी थी. अस्पताल प्रशासन ने जांच के बाद आइसोलेशन वार्ड में रखने के बजाय उन्हें होम क्वारंटाइन में भेज दिया था. कोरोना संक्रमित मरीज अपने भगिना का इलाज कराने रांची के लेक व्यू अस्पताल गया था. उसी अस्पताल में पूर्व डीडीसी भर्ती रहे थे, जिनकी कोरोना से मौत हो चुकी है.

10 दिनों पहले रांची से लौटा था गढ़वा

बताया जाता है कि कोरोना संक्रमित व्यक्ति रांची के हिंदपीढ़ी में किराये के मकान में रहता था. लगभग 10 दिन पहले वह रांची से गढ़वा लौटा था. तब से वह गढ़वा में इधर-उधर घूम रहा था. इस दौरान वह गढ़वा में एक प्रसिद्ध किराना दुकान और सब्जी मंडी में भी सामान खरीदने गया था. रांची पुलिस की सूचना पर 19 अप्रैल से परिवार समेत उस बुजुर्ग को होम क्वारंटाइन में रखा गया था. 22 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि होने के साथ प्रशासन हरकत में आया.

इसे भी पढ़ें – कोरोना के टीके का ट्रायल शुरु हो रहा है, पढ़िये इसे विकसित करने वाले वैज्ञानिकों का इंटरव्यू, कितना भरोसा है उन्हें वैक्सीन पर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button