Corona_Updates

#FightAgainstCorona : पीएम से हेमंत ने कहा – अब तक नहीं मिला 300 वेंटीलेटर, 10,000 टेस्टिंग किट और 1 लाख रैपिड टेस्टिंग, जल्द उपलब्ध करायें

Ranchi : कोरोना महामारी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कांफ्रेसिंग में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र से मदद नहीं मिलने की बात कही है. उन्होंने पीएम को बताया है कि राज्य सरकार ने 300 वेंटीलेटर, 10,000 टेस्टिंग किट, 1 लाख रैपिड टेस्टिंग किट देने की मांग पहले ही की थी, लेकिन अभी तक राज्य को यह नहीं भेजा गया है.

सीएम ने कहा कि यह मांग ICMR/ केंद्र सरकार के लोक उपक्रम से की गयी थी. उन्होंने पीएम मोदी से अनुरोध किया है कि इस मांग को संज्ञान में लेते हुए राज्य को यह सामग्री उपलब्ध करायें. सीएम ने उन्हें बताया कि राज्य में दूध उत्पादक एवं सब्जी उगानेवाले किसान लॉकडाउन के कारण गंभीर आर्थिक संकट में आ गये हैं.

इसे भी पढ़ें – झारखंड के 5 आइपीएस का तबादला, अनिल पालटा सीआइडी व मल्लिक बने स्पेशल ब्रांच के एडीजी

वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, प्रधान सचिव नितिन मदन कुलकर्णी, डीजीपी एमवी राव सहित कई आला अधिकारी उपस्थित थे. वीडियो कांफ्रेसिंग के दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने प्रधानमंत्री को कोरोना को लेकर उठाये गये कदमों से भी अवगत कराया.

राज्य सरकार की प्राथमिकता में है सामाजिक सुरक्षा

हेमंत सोरेन ने पीएम को बताया कि कोरोना महामारी संकट को देखते हुए राज्य सरकार दो आयामों पर काम कर रही है. पहला सामाजिक सुरक्षा और दूसरा जीवन की रक्षा. सामाजिक सुरक्षा के लिए राज्य के हर पंचायत स्तर पर किचन की व्यवस्था कर सभी घरों में गर्म खाना और सूखा राशन उपलब्ध कराया जा रहा है. राज्य में 3 टेस्टिंग केंद्र कार्यरत हैं, जिनमें अभी तक 1681 टेस्ट किये जा चुके हैं. इसमें 17 लोग कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं.

रांची के 2 अस्पतालों को कोविड अस्पताल घोषित किया गया है, जिसमें लगभग 160 बेड की व्यवस्था की गयी है. डेढ़ लाख मजदूर दूसरे राज्यों से झारखंड आये हैं, उनकी स्क्रीनिंग कर आवश्यकतानुसार उन्हें क्वारंटाइन में रखा गया है.

इसे भी पढ़ें – रांची के हिन्दपीढ़ी इलाके के लोग क्यों जला रहे अखबारों को !

स्वयंसेवी संस्थानों के सहयोग से 6 लाख लोगों को खिलाया जा रहा खाना

कोरोना लडाई को लेकर एनजीओ से मिल रहे सहयोग से भी मुख्यमंत्री ने पीएम को अवगत कराया. उन्होंने कहा कि राज्य के जेएसएलपीएस के कर्मचारी, एनजीओ एवं स्वयं सहायता समूह के लोगों ने कोरोना संक्रमण की इस विकट परिस्थिति में बहुत अच्छे कार्य किये हैं. ऐसे समूहों द्वारा किचन बना कर प्रतिदिन लगभग 6 लाख से अधिक लोगों को खाना खिलाया जा रहा है, इससे गरीबों को बहुत सहायता हुई है. किसानों को सब्जी ट्रांसपोर्टिंग में अवश्य कुछ समस्याएं हुई हैं परंतु सरकार इस पर गंभीर है. सब्जी इत्यादि चीजों की ट्रांसपोर्ट में सुगमता आये इस पर निरंतर कार्य किया जा रहा है.

सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हर हाल में हो इसके लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह की किराना दुकान, पीडीएस दुकान, सब्जी मार्केट इत्यादि में टाइम बॉन्डिंग को लेकर जतायी चिंता से वे अवगत है. सरकार द्वारा इन सभी क्षेत्रों में 24 घंटे दुकान खोलने का निर्देश दिया गया है जिससे भीड़ कम रहे और सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन हो सके. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में रबी फसलों के कटाई का कार्य सोशल डिस्टेंसिंग के साथ की जाये इस पर भी सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है. मुख्यमंत्री ने पीएम को अवगत कराया कि आरोग्य सेतु एप्प अधिक से अधिक लोग अपने मोबाइल पर डाउनलोड करें इस पर भी राज्य सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है. लोगों को आरोग्य सेतु एप्प को लेकर जागरूक किया जा रहा है.

इसे भी पढ़ें – बंगाल में सील किये गये 10 कोरोना हॉटस्पॉट, राज्यपाल ने सोशल डिस्टेंसिंग की अपील की

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button