
Palamu/garhwa : पलामू प्रमंडल के गढ़वा जिले के लिए मंगलवार को राहत की खबर आयी. गढ़वा जिले के पहले कोरोना (कोविड-19) मरीज की दूसरी रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद उसके दोनों रिश्तेदार बच्चों की रिपोर्ट भी निगेटिव पायी गयी है. जिले के उपायुक्त हर्ष मंगला ने इसकी पुष्टि की है.
जानकारी देते हुए उपायुक्त हर्ष मंगला ने बताया कि उक्त दोनों मरीज की निश्चित समय अंतराल के बाद की गयी दूसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आयी है. यह काफी सुखद मामला है. इसी के साथ जिले के तीनों पॉजिटिव मरीजों की दूसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव हो गयी है.
इसे भी पढ़ें – 26 जुलाई को होगी NEET और 18 से 23 तक JEE Mains की परीक्षाएं
एक मरीज का रांची में हो रहा है इलाज
उपायुक्त श्री मंगला ने जानकारी दी है कि अब दोनों मरीजों का तीसरा सैंपल निश्चित समय अंतराल में टेस्ट के लिए भेजा जायेगा. तीसरी जांच रिपोर्ट मिलने पर आगे का निर्णय लिया जायेगा. अगर तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आयी तो यह जिले के लिए काफी बेहतर होगा.
विदित हो कि गढ़वा जिले का पहला पॉजिटिव मरीज अभी रांची में इलाजरत है. उक्त मरीज का दूसरा सैंपल टेस्ट पहले ही हो चुका है. दूसरी जांच रिपोर्ट में उसे निगेटिव पाया जा चुका है. उपायुक्त ने इस रिपोर्ट पर संतोष व्यक्त किया है. गढ़वा के तीनों पॉजिटिव मरीज एक ही परिवार के हैं. दूसरे और तीसरे मरीज की उम्र क्रमशः 10 और 12 साल है.
इसे भी पढ़ें – देश में अचानक से लॉकडाउन लागू किये जाने पर देश-विदेश के अर्थशास्त्री क्यों उठा रहे हैं सवाल



