
New Delhi : स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि गुरुवार तक देश में 16 लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हुई है. वहीं इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 694 हो गयी है. मंत्रालय ने बताया कि गुरुवार को देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 88 नये मामले आये हैं.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार की रात आठ बजे ताजा बयान में बताया कि देश में अभी तक 16 लोगों की इस संक्रमण से मौत हुई है.
44 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी
आंकड़ों के अनुसार, देश में फिलहाल 633 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण के लिए इलाज चल रहा है, वहीं 44 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गयी है. वहीं एक व्यक्ति दूसरी जगह चला गया है.
मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि भारत में अभी कोरोना का संक्रमण दूसरे चरण में ही है और इसके सामुदायिक संक्रमण से जुड़े तीसरे चरण में पहुंचने के फिलहाल कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आये हैं.
इसे भी पढ़ें – #Corona को रोकने के लिए देशव्यापी में लॉकडाउन पर्याप्त नहीं, कई बाधाएं : पूर्व RBI गवर्नर राजन
केंद्र और राज्य सरकारें युद्ध स्तर पर कर रही तैयारियां
कोरोना के संक्रमण को रोकने और लॉकडाउन (बंद) के कारण लोगों को हो रही परेशानियों से राहत देने के लिए केन्द्र और राज्य सरकारों ने युद्धस्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं.
एक तरफ केन्द्र सरकार ने निर्धन आय वर्ग के लोगों की सहायता के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत 1.7 लाख करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की है, वहीं 17 राज्यों ने सिर्फ कोरोना के इलाज लिए अस्पतालों का चयन कर लिया है.
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कोरोना वायरस के कारण उत्पन्न स्थिति के बारे में संवाददाताओं को बताया कि देश में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 694 हो गयी है. उन्होंने कहा कि यद्यपि संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन संक्रमण की दर फिलहाल स्थिर है.
इसे भी पढ़ें – #FightAgainstCorona : कोरोना वायरस के संक्रमण के संदेह में व्यक्ति ने की खुदकुशी
थर्ड स्टेज में जाने के पुख्ता प्रमाण नहीं
श्री अग्रवाल ने कहा कि देश में इस वायरस के सामुदायिक संक्रमण का थर्ड स्टेज होने के फिलहाल कोई ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों द्वारा सामाजिक मेलजोल से दूरी (सोशल डिस्टेंसिंग) बनाये रखने की मौजूदा रणनीति का सख्ती से पालन किये जाने पर ही कहा जा सकता है कि भारत संक्रमण के तीसरे चरण में नहीं जायेगा.
उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस के संक्रमण की श्रंखला को तोड़ने के लिए बुधवार से पूरे देश में बंद लागू किया गया. वैश्विक स्तर पर 170 देशों में अब तक इस वायरस के संक्रमण के 471518 मामले सामने आ चुके हैं और इनमें से 21293 मरीजों की मौत हो गयी है.
मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना के सर्वाधिक 124 मरीज महाराष्ट्र में हैं जबकि केरल में आठ विदेशी मरीज सहित कुल 118 मरीज हैं. इसके अलावा तेलंगाना और कर्नाटक में 41-41, गुजरात में 38, उत्तर प्रदेश में 37, राजस्थान में 38, दिल्ली में 35, पंजाब में 33 और हरियाणा में 30 मरीजों में कोरोना के संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है.
इनके अलावा तमिलनाडु में संक्रमित मरीजों की संख्या 26, मध्य प्रदेश में 15, लद्दाख में 13, आंध्र प्रदेश और जम्मू कश्मीर में 11-11, पश्चिम बंगाल में नौ, चंडीगढ़ में सात, उत्तराखंड में पांच, बिहार, गोवा, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश में तीन-तीन और ओड़िशा में दो हो गयी है. जबकि पुडुचेरी, मणिपुर और मिजोरम में भी एक-एक मरीज के कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है.
न्यूज विंग की अपील
देश में कोरोना वायरस का संकट गहराता जा रहा है. ऐसे में जरूरी है कि तमाम नागरिक संयम से काम लें. इस महामारी को हराने के लिए जरूरी है कि सभी नागरिक उन निर्देशों का अवश्य पालन करें जो सरकार और प्रशासन के द्वारा दिये जा रहे हैं. इसमें सबसे अहम खुद को सुरक्षित रखना है. न्यूज विंग की आपसे अपील है कि आप घर पर रहें. इससे आप तो सुरक्षित रहेंगे ही दूसरे भी सुरक्षित रहेंगे.
इसे भी पढ़ें – #CoronavirusOubreak: विभिन्न राज्यों में फंसे मजदूरों की मदद के लिए प्रभारी अधिकारी नियुक्त, हर शाम देंगे रिपोर्ट



