
Ranchi : झारखंड में कैबिनेट विस्तार के बाद से नाराज चल रहे कांग्रेस विधायकों से मिलने शनिवार की शाम मंत्री बसंत सोरेन रासो होटल पहुंचे. उन्होंने नाराज विधायकों की बातें सुनीं और उनकी नाराजगी दूर करने के प्रयास किया. लेकिन कांग्रेस के आठ विधायक दिल्ली जा रहे हैं.
नाराज विधायकों से मिल कर बाहर निकले बसंत सोरेन ने कहा कि विधायकों की आशंकाओं को दूर किया गया. परिवार एकजुट पहले भी था और अब भी है. ये विधायक दिल्ली जा रहे हैं. विधायकों की सारी बातों को सुना गया है. उसे दूर कर लिया गया. सभी विधायकों का दिल्ली में आलाकमान से मिलने का कार्यक्रम पहले से निर्धारित है. इसलिए वह जा रहे हैं. परिवार एकजुट है.
वहीं विधायक जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह ने कहा कि शीर्ष नेता के संपर्क में हैं. दिल्ली जा रहे हैं. आज (शनिवार) को हम 10 विधायक दिल्ली जा रहे हैं. और दो विधायक रविवार को सीधे दिल्ली पहुंचेंगे. एक सवाल के जवाब में अनूप सिंह ने कहा कि विधायकों की मांग के बारे में प्रदेश नेतृत्व को बता दिया गया है. वही इस पर जवाब दे पायेंगे.
बसंत सोरेन ने इस स्थिति पर जतायी है चिंता: अनूप सिंह
बसंत सोरेन उस परिवार से हैं, जिस परिवार के साथ हमारा गठबंधन चल रहा है. उस परिवार के बेटे होने के नाते उन्होंने गठबंधन धर्म निभाया है. साथ ही विश्वास दिलाया है कि पूर्व में जो स्थिति उत्पन्न हुई थी. उसे दूर करने का काम किया जायेगा और सभी विधायकों का मान-सम्मान किया जायेगा.
होटल से आठ विधायक निकले, दो सीधे एयरपोर्ट पहुंचेंगे
होटल से निकलनेवाले विधायकों की संख्या आठ थी. जिसमें विधायक दीपिका सिंह पांडेय, अंबा प्रसाद, डॉ इरफान अंसारी, राजेश कच्छप, भूषण बाड़ा, उमाशंकर अकेला, सोना राम सिंकू, जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह शामिल हैं. विधायक अनूप सिंह ने बताया कि दो विधायक सीधे एयरपोर्ट पहुंच रहे हैं. साथ ही दो विधायक रविवार की सुबह सीधे दिल्ली पहुंचेंगे. बता दें कि पार्टी के निर्णय से नाराज विधायकों की संख्या 12 है.
इसे भी पढ़ें – सांसद जयंत सिन्हा को सर्वश्रेष्ठ सांसद व संसदीय वित्त समिति को ‘संसद महारत्न पुरस्कार’ से किया गया सम्मानित



