
Ranchi : संजीवनी बिल्डकॉन फर्जीवाड़ा मामले में आरोपी रांची के दो सर्किल ऑफिसर (सीओ) कृष्ण कुमार एवं ओम प्रकाश यादव की क्रिमिनल रिवीजन की सुनवाई मंगलवार को झारखंड हाइकोर्ट में हुई. कोर्ट ने सभी पक्षों को सुनने के बाद मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया. दरअसल, इन दोनों सर्किल ऑफिसर पर आरोप था कि इन्होंने अपने सीईओ पद का दुरुपयोग करते हुए रकबा से ज्यादा जमीन का म्यूटेशन किया. साथ ही संजीवनी बिल्डकॉन को फायदा पहुंचाया. सीबीआइ ने इनके खिलाफ एक ही मामले में तीन- तीन एफआईआर दर्ज किये थे. इन दोनों सीओ की ओर से हाइकोर्ट में क्रिमिनल रिवीजन दायर कर अपने खिलाफ दर्ज केस को निरस्त करने का आग्रह हाइकोर्ट से किया गया था. कृष्ण कुमार नगड़ी में सीओ पद पर थे. कृष्ण कुमार और ओम प्रकाश यादव के खिलाफ दर्ज तीन-तीन केस पर बहस हुई. मामले की सुनवाई हाइकोर्ट के न्यायमूर्ति एसके द्विवेदी की अदालत में हुई. सीबीआइ की ओर से अधिवक्ता अनिल कुमार ने पैरवी की. वहीं प्रार्थी कृष्ण कुमार की ओर से अधिवक्ता राजेंद्र कृष्ण एवं जयशंकर तिवारी ने पैरवी की.
इसे भी पढ़ें – धनबाद: मेडिकल ग्राउंड पर पूर्व विधायक संजीव सिंह चाहते हैं कोर्ट से बेल, नहीं मिलने पर पिटीशन दायर कर इच्छा मृत्यु मांगी



