
Ranchi: झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन व उनके परिवार के द्वारा अवैध तरीके से संपत्ति जुटाने के मामले में लोकपाल की कार्रवाई के संदर्भ में दिल्ली हाईकोर्ट में 10 नवंबर को सुनवाई होगी. इसे लेकर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे की आपत्ति पर दिल्ली हाईकोर्ट ने संज्ञान लेते हुए मामले की सुनवाई 10 नवंबर को निर्धारित की है. इस संदर्भ में सांसद निशिकांत ने ट्वीट कर जानकारी दी है.
इसे भी पढ़ें: JMM केंद्रीय समिति की बैठक शुरू, नेताओं को दिए जाएंगे टास्क
दिल्ली हाईकोर्ट ने सांसद निशिकांत दुबे की याचिका पर सुनवाई करते हुए शिबू सोरेन को नोटिस जारी किया है. साथ ही उन्हें जवाब दाखिल करने का भी निर्देश दिया है. गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने लोकपाल के समक्ष सोरेन परिवार की 57 अचल संपत्तियों की जानकारी दी थी. इसके बाद लोकपाल ने निशिकांत दुबे की शिकायत पर शिबू सोरेन के खिलाफ सीबीआई को भ्रष्टाचार के जरिए आय से अधिक संपत्ति जमा करने के आरोप में आरंभिक जांच करने का निर्देश दिया था. दिल्ली हाईकोर्ट ने पूर्व की सुनवाई में लोकपाल के समक्ष शिबू सोरेन के खिलाफ लोकपाल द्वारा शुरू की गई कार्यवाही पर रोक लगा दी थी. शिबू सोरेन की ओर से लोकपाल की कार्रवाई पर आपत्ति जताई गई थी जिसके बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने अगले आदेश तक के लिए लोकपाल की कार्यवाही पर रोक लगा दी है.




