
Ranchi : झारखंड के दुमका जिले में अंकिता हत्याकांड के बाद एक बार फिर से मारुति कुमारी नाम की युवती को पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी गयी. बेहतर इलाज के लिए मारुति कुमारी को रांची के रिम्स में भर्ती कराया गया लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेश कुमार राउत को गिरफ्तार कर लिया है. आपको बता दें कि दुमका के जरमुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत भलकी पंचायत के भरतपुर गांव में बीती रात प्रेमी ने प्रेमिका को पेट्रोल छिड़क कर जला दिया था. प्रेमिका जीवन के लिए संघर्ष कर रही थी. उसे दुमका के ही फूलो झानो मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था, लेकिन बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया. भलकी गांव की रहनेवाली मारुति कुमारी को उसके शादीशुदा प्रेमी राजेश राउत ने ही बीती रात पेट्रोल डाल कर जला दिया.
इसे भी पढ़ें – JMM केंद्रीय समिति की बैठक शुरू, नेताओं को दिए जाएंगे टास्क
मारुति कुमारी और राजेश राउत में 2019 से दोस्ती थी. इसी वर्ष 2022 के फरवरी में राजेश राउत की शादी हो गयी थी. उसके बाद मारुति के घरवाले भी उसकी शादी के लिए वर की तलाश कर रहे थे, लेकिन राजेश राउत का कहना था कि वह उससे भी शादी करेगा. यदि वह शादी नहीं करेगी तो उसे दुमका में हुए पेट्रोल कांड की तरह जला कर मार डालेगा. इसी क्रम में बीती रात यह घटना घटी. राजेश मारुति के घर में दरवाजा तोड़कर प्रवेश कर गया और उस पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी. राजेश रामगढ़ थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव का रहनेवाला है.
इसे भी पढ़ें – हेमंत सरकार के लिए 1932 खतियान की राह आसान नहीं, सर्वदलीय बैठक बुलाने की तैयारी



