
Ranchi: रांची पुलिस ने डोरंडा फायरिंग कांड का खुलासा करते हुए सात आरोपी को गिरफ्तार किया है. ये सभी लोग सुजीत सिन्हा गैंग से जुड़े हुए हैं. पुलिस ने सुजीत सिन्हा गैंग के सात गुर्गों को धर दबोचा है. गिरफ्तार व्यक्ति का नाम जितेश कुमार उर्फ पीटर, संतोष मिश्रा उर्फ तीरू, मंयक कुमार उर्फ रिषु महतो, राजू महतो, प्रिन्स मिश्रा, सुमीत वर्मा उर्फ गोलू और अभिषेक कुमार राम उर्फ गोलू बताये गये हैं. इन लोगों के पास से पुलिस ने दो देशी पिस्टल, 23 पीस जिंदा गोलियां, चार बाइक और एक कार जब्त की है.
सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया को बताया कि बीते मंगलवार की रात 11-12 बजे के बीच सत्यभामा अपार्टमेंट के बाहर चार-पांच अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग कर लोगों में दहशत फैलाई थी. यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था. रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने मामले को गंभीरता से लिया. जिसके बाद खेलगांव थानेदार अभिषेक राय और मेसरा ओपी प्रभारी अजय कुमार दास को टीम में शामिल किया गया. जिसके बाद टीम ने गहनता से जांच की. मिली सूचना पर रिंग रोड स्थित स्वर्ण रेखा नदी पुल के पास गाड़ियों की चेकिंग शुरू की गयी. इसी दौरान दो स्पोर्ट्स बाइक सवार चार युवकों को पकड़ा गया. जांच में उनके पास से दो लोडेड पिस्टल और गोलियां बरामद हुईं. पूछताछ में उन्होंने खुद को सुजीत सिन्हा गिरोह और कोयलांचल शांति सेना (K.S.S) का सदस्य बताया. उन्होंने यह भी कबूल किया कि गिरोह के लिए शहर के कारोबारियों और व्यापारियों से रंगदारी की मांग करते हैं और रंगदारी न मिलने पर खौफ पैदा करने या जान से मारने की नियत से फायरिंग करते हैं.
धराये चारों लड़कों की निशानदेही पर और तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया. इनके पास से घटना में प्रयुक्त दो अपाची मोटरसाइकिल, एक स्विफ्ट डिजायर कार और कुल 09 मोबाइल बरामद किए गए.




