
Jamshedpur : शहर में लगातार अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है. ताजा मामला बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर 3 स्थित गणेश मंदिर के पास का है. वहां एक ठेकेदार से पिस्टल के बल पर 50 हजार रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. रंगदारी देने से इंकार करने पर अपराधियों ने ठेकेदार विकास गोप के सिर पर पिस्टल के बट से हमला कर दिया. इससे ठेकेदार गंभीर रुप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती किया गया है. घटना की शिकायत बिरसानगर थाने में की गई है. उसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
इस संबंध में विकास गोप का कहना है कि वह बिरसानगर जोन नंबर-तीन में ठेका पर मकान बनवाने का काम कर रहे थे. सोमवार को वह साइट पर थे, उसी बीच अमित राय, टीके राय, एमओ, शिवा जेना और सुमित राय वहां पहुंचे. इनमें सुमित के हाथ में पिस्टल था, जबकि उसके सहयोगियों ने हाथ में कुदाल, बेलचा और अन्य सामान ले रखे थे. वहां पहुंचते ही सुमित ने उनकी कनपट्टी पर पिस्टल सटा दिया और 50 हजार रुपये रंगदारी की मांग करने लगा. उन्होंने जब रंगदारी देने से इंकार किया तो उनके सिर पर पिस्टल के बट से हमला कर दिया गया. ठेकेदार का कहना है कि रविवार की सुबह भी उनसे रंगदारी की मांग की गई थी. उस दौरान भी उन्होंने रंगदारों को रुपये देने से इंकार किया था. उसके बाद सोमवार को एक बार फिर रंगदारी की मांग करते हुए उनक पर हमला किया गया. इस घटना से साइट पर अफरा-तफरी मच गई. काम पर लगे मजदूर उनके पास आए, उसके बाद अपराधी पिस्टल लहराते हुए धमकी देते हुए निकल भागे. घटना के बाद मजदूरों की मदद से ठेकेदार को बिरसानगर थाना ले जाया गया. वहां से पुलिस ने उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा. मामले की जांच में जुटी पुलिस आरोपियों की तलाश में सरगर्मी से जुटी है.
इसे भी पढ़ें – BIG NEWS : रूस और यूक्रेन के बीच जंग में बेलोरूस भी कूदा, परमाणु हमले की आशंका




