JamshedpurLead NewsNEWS

Jamshedpur News: MGM-सिदगोड़ा समेत चोरी-छिनतई के 6 मामलों का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर में पुलिस ने चोरी और छिनतई के छह मामलों का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 33 मोबाइल, आभूषण और तीन वाहन बरामद हुए हैं।

जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने चोरी और छिनतई की घटनाओं से जुड़े एक गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से 33 मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण और तीन वाहन बरामद किए गए हैं। बरामद सामान और पूछताछ के आधार पर MGM और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छह मामलों का खुलासा करने का दावा किया गया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर MGM थाना कांड संख्या 89/2026 की जांच के लिए SIT गठित की गई थी। ग्रामीण एसपी के मार्गदर्शन और पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। इसमें MGM थाना प्रभारी सचिन कुमार दास समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

पुलिस को सूचना मिली थी कि MGM अस्पताल परिसर के पास कुछ लोग चोरी और छिनतई की वारदात को अंजाम देने के लिए जुटे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर पांचों को गिरफ्तार किया।

छह मामलों का खुलासा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ और बरामद सामान के मिलान के बाद इन मामलों का खुलासा हुआ—

  • तुरियाबेड़ा में महिला से छिनी गई सोने के लॉकेट वाली मोतियों की माला।
  • MGM अस्पताल से चोरी हुआ Vivo मोबाइल।
  • MGM अस्पताल से चोरी हुआ Moto G57 Power मोबाइल।
  • MGM अस्पताल में रुपये की पॉकेटमारी का मामला।
  • MGM अस्पताल की पार्किंग से चोरी हुई Activa स्कूटी, नंबर JH05DF 9953।
  • मानगो बस स्टैंड से चोरी हुई बिना नंबर की Yamaha Fascino स्कूटी।

33 मोबाइल और आभूषण बरामद

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की तलाशी और तुषार कालिंदी की निशानदेही पर बागुनहातु से 33 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनमें iPhone, Vivo, Oppo, Realme और Samsung समेत अलग-अलग कंपनियों के स्मार्टफोन और कीपैड फोन शामिल हैं।

इसके अलावा एक सोने का लॉकेट, चांदी की माला में सिटीगोल्ड का मंगलसूत्र, तीन पतली चांदी की चेन और एक कान का टॉप भी बरामद किया गया है।

पुलिस ने दो चोरी की स्कूटी के साथ छिनतई में इस्तेमाल की गई Splendor Plus मोटरसाइकिल, नंबर JH05DX 1935, भी जब्त की है।

पांच आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागुनहातु निवासी तुषार कालिंदी उर्फ तुषार भाई, सन्नी कालिंदी उर्फ नंदू, लक्ष्मण बागती, आकाश दत्ता उर्फ चेपा और सावन देवगम उर्फ बच्चा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आकाश दत्ता उर्फ चेपा और सावन देवगम उर्फ बच्चा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पांचों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Back to top button