
जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के एल-4 रोड नंबर 11 में चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान चोरी कर लिया। मकान मालिक इलाज के सिलसिले में परिवार के साथ वेल्लोर गए हुए हैं। इसी दौरान चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए। इसके बाद दो अलमारियों के लॉक तोड़कर करीब 30 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
शनिवार सुबह परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर दो अलमारियों के लॉक भी टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर नकदी और आभूषण समेत कई सामान गायब मिले।
अरविंद साहू ने बताया कि उनके भाई इलाज कराने के लिए वेल्लोर गए हुए हैं। परिवार के बाहर होने के कारण मकान बंद था।
सीसीटीवी में दिखा संदिग्ध
चोरी की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने टेल्को पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
पुलिस को फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया है। उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, परिवार के सदस्य चोरी हुए सामान की सूची तैयार कर रहे हैं। सूची पूरी होने के बाद चोरी गए जेवरात और अन्य सामान की कुल कीमत स्पष्ट हो सकेगी।




