JharkhandLead NewsPalamu

मनरेगा में लूटः न सड़क बनी न बांध, योजनाओं की पूरी रकम डकार गये अफसर-प्रतिनिधि और बिचौलिए

Palamu : पलामू जिले के तरहसी प्रखंड के मिसिर पतरा पंचायत क्षेत्र में मनरेगा योजना में फर्जी निकासी का मामला सामने आया है. आरोप लगाया गया है कि सड़क बनाये बिना पैसे निकाल लिये जाने के कारण गांव के लोग कीचड़ से भरी पगडंडी के सहारे आवागमन कर रहे हैं. अनियमितता की जांच की मांग को लेकर ग्रामीण गोलबंद हो गये हैं.

निकासी के अनुरूप 10 प्रतिशत भी कार्य नहीं

ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन दिया गया, लेकिन इस पर अबतक कोई कार्रवाई नहीं की गयी. इससे स्पष्ट होता है कि निर्माणकर्ता व पदाधिकारी के बीच सांठगांठ है. योजनाएं अपूर्ण हैं, लेकिन राशि की निकासी कर ली गयी है. जितनी राशि की निकासी हुई है, उसके अनुरूप 10 प्रतिशत भी काम नहीं हुआ है.

इसे भी पढ़ें – गांव की सरकार के साथ खड़े हो रहे जनप्रतिनिधि, पंचायतों का अधिकार बनाये रखने की वकालत

इन ग्रामीणों ने जताया विरोध

ग्रामीण विनोद यादव, मंटू कुमार यादव, अमर यादव, सत्येंद्र सिंह, मुकेश यादव, मदन यादव, मनोज यादव, अर्जुन यादव, दीपक यादव, मंजू देवी, अनीता देवी (वार्ड सदस्य) आदि लोगों ने बताया कि गांव में शंकर साव के घर से श्याम सुंदर के घर तक, भोला सिंह के कुआं से संजय भुइंया के घर तक, मदन यादव के घर से अमानत नदी तक मनरेगा के तहत सड़क निर्माण स्वीकृत हुआ था लेकिन इन सड़कों को बिना बनाये राशि की निकासी की गयी है.

बांध निर्माण से फायदा नहीं होने का आरोप

मिसिर पतरा में मंटू यादव के खेत में जबरदस्ती लूज बोल्डर बांध का निर्माण किया गया है. योजना का नाम गलत बताया गया है. अनहेरी बाग के पास लूज बोल्डर बांध कर योजना पास करा कर मंटू यादव के खेत में निर्माण किया गया है. इस निर्माण से कोई फायदा नहीं होगा. निर्माण कार्य में भी अनियमितता बरती गयी है.

स्कूल की जमीन में मनरेगा के तहत कुआं व आंगनबाड़ी केन्द्र का निर्माण

मिसिर पतरा उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में ही जबरन मनरेगा के तहत कुआं खोदा जा रहा है. यही नहीं स्कूल की जमीन में मनरेगा के कुआं के अलावा आंगनबाड़ी केंद्र का भी निर्माण किया जा रहा है. स्कूल के प्रधानाध्यापक विनोद यादव समेत ग्रामीणों ने पलामू उपायुक्त को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कर दोषी लोगों पर कार्रवाई की मांग की है.

इसे भी पढ़ें – दल-बदल मामले में सुप्रीम कोर्ट पहुंचे बाबूलाल मरांडी, कैविएट दाखिल किया

उपायुक्त को दिया गया है आवेदन

प्रधानाध्यापक ने बताया कि 40 डिसमिल जमीन का स्कूल की है. स्कूल की जमीन में सुधीर यादव मनरेगा के तहत कुआं एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण करा रहा है. इस संबंध में पलामू उपायुक्त के अलावा पांकी विधायक कुशवाहा डॉ शशिभूषण मेहता, जिला शिक्षा अधीक्षक, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक को भी लिखित आवेदन दिया गया है. कार्रवाई नहीं होने से लोगों में काफी आक्रोश है.

इन योजनाओं में हुई निकासी

मिसिर पतरा गांव में जिन योजनाओं में फर्जी निकासी की गयी है. उसकी उच्चस्तरीय जांच होगी तो कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मामले में दोषी पाये जायेंगे. गांव में शंकर साव के घर से श्याम सुंदर के घर तक मिट्टी मोरम पथ निर्माण में 31428 रुपये, भोला सिंह के कुआं से संजय भुइयां के घर तक मिट्टी मोरम पथ निर्माण में 65184 रुपये की निकासी की गयी है. वहीं अनहेरी बाग के पास लूज बोल्डर बांध निर्माण कर पूरे पैसे की निकासी कर ली गयी है. इसी तरह अन्य योजनाओं में भी फर्जी निकासी की गयी है.

जांच के बाद होगी कार्रवाई: बीपीओ

तरहसी के बीपीओ रंधीर कुमार जायसवाल ने बताया कि स्कूल की जमीन पर अतिक्रमण कर यदि गलत तरीके से मनरेगा का कुआं व आंगनबाड़ी का निर्माण किया जा रहा है तो यह गंभीर मामला है. जहां कई योजना में फर्जी निकासी की बात है तो इसकी भी जांच की जायेगी. जांच के बाद कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को लिखा जायेगा.

इसे भी पढ़ें – चेंबर के नये अध्यक्ष बने प्रवीण कुमार जैन, राहुल मारू को सचिव पद की जिम्मेवारी

Related Articles

Back to top button