
Ranchi: कोरोना वायरस संक्रमण के खौफ के बीच ड्यूटी पर मुस्तैद पुलिसकर्मियों की जल्द से जल्द जांच कराने की मांग की गयी है. साथ ही सभी पुलिसकर्मियों का 50 लाख के बीमा का प्रावधान लाये जाने की मांग झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन ने सरकार से की है.
देखें वीडियो
झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश कुमार पाण्डेय ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि आज कोरोना वैश्विक महामारी के बीच झारखंड के तमाम पुलिसकर्मी आम जनों, सरकार की सेवा में सड़क एवं घरों के बाहर खड़े हैं. इस ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी कई के संपर्क में आये होंगे इससे इनकार नहीं किया जा सकता है.
इसे भी पढ़ें – #Lockdown में ढील को लेकर गाइडलाइंस में बदलाव, जानिए सोमवार से किस-किस काम के लिए मिलेगी छूट
कभी भी कोरोना वायरस की चपेट में आ सकते हैं जवान
झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए राज्य के तमाम पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं. सड़क पर दिन-रात हमारे जवान तैनात हैं, ताकि आम लोग घरों में सुरक्षित रह सकें. स्वास्थ्यकर्मियों की तरह ही पुलिस भी कोरोना के खिलाफ लड़ाई में शामिल है. ड्यूटी के दौरान वो कभी भी कोरोना वायरस की चपेट में आ सकते हैं. ऐसा होने पर उनकी जान तक जा सकती है. यहां तक कि कोरोना के मरीजों के लिए चिन्हित अस्पताल और जहां संदिग्ध को रखा गया है या उनकी जांच होती है, वहां भी पुलिस की तैनाती है.
स्वास्थ्यकर्मियों की तरह पुलिस के पास सुरक्षा के लिए समुचित संसाधन भी नहीं हैं, इसके बावजूद जवान अपने कर्तव्य का पालन मजबूती से कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें – #CoronaUpdates: 24 घंटे में संक्रमण के 1334 नये केस, 27 की मौत – स्वास्थ्य मंत्रालय
90 प्रतिशत से ज्यादा पुलिस बल फील्ड में तैनात
झारखंड पुलिस की क्षमता 65 हजार के करीब है. इसमें सिपाही से लेकर अधिकारी तक शामिल हैं. इनमें से 90 प्रतिशत से ज्यादा बल सीधे तौर पर कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे हैं. इनकी तैनाती फील्ड में कहीं न कहीं है और ये कानून-व्यवस्था के साथ लॉकडाउन को अमल कराने में जुटे हैं. वहीं बाकी के पुलिसकर्मी दफ्तरों से यह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
झारखंड में कोरोना के लगातार नये मरीज मिल रहे हैं
झारखंड में अब कोरोना के लगातार नये मरीज मिल रहे हैं. रविवार को रांची में तीन और सिमडेगा में एक कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है. शनिवार को भी दो कोरोना मरीज मिले हैं. इसके साथ ही झारखंड में कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ कर 38 पर पहुंच गया है.
इसे भी पढ़ें – NewsWing Impact: फंसे छात्रों की मदद के लिए कोटा से आ रही दरख्वास्त, जिला कलेक्टर ने जारी किया ऑनलाइन फॉर्म



