
Ranchi: कोरोना के खतरे को देखते हुए राज्य भर में शुरू किये गये क्वारंटाइन सेंटर्स में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. लेकिन जिन शिक्षकों की नियुक्ति की गयी है, उन्हें सुरक्षा उपकरणों के बिना काम करना पड़ रहा है.
राज्य के हजारीबाग जिले के क्वारंटाइन सेंटर में लगभग 300 प्राथमिक शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. इन्हें जिला स्तर से लेकर प्रखंड स्तर तक के क्वारंटाइन सेंटर में ड्यूटी दी गयी है.
शिक्षकों की सुरक्षा के बाबत हजारीबाग जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष मो अतिकुज्जमा ने मुख्य सचिव को पत्र लिखा है.
इसे भी पढ़ें – #CoronaUpdates : झारखंड में तीन और लोगों में कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि, राज्य में हुए 27 मामले, दो की हो चुकी है मौत
15 दिनों से अधिक न हो प्रतिनियुक्ति
उन्होंने अपने पत्र के माध्यम से अनुरोध किया है कि शिक्षकों की सुरक्षा का ध्यान रखा जाये. हजारीबाग जिला में उपायुक्त स्तर पर शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. संघ इस बात का अनुरोध करता है कि एक शिक्षक को एक सप्ताह या 15 दिनों से अधिक प्रतिनियुक्त न करते हुए शिक्षकों की बारी-बारी से प्रतिनियुक्ति की जाये. संघ इस बात का भी आग्रह करता है कि दिव्यांग और गंभीर बीमारी से पीड़ित शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति न हो.
साथ ही जिन्हें प्रतिनियुक्त किया गया है, उन्हें सैनिटाइजर, मास्क, ग्लब्स आदि नियमित उपलब्ध कराये जायें. अगर यह सुविधा नि:शुल्क नहीं दी जा सकती तो शिक्षकों से उसकी राशि ली जाये. इसके अलावा शिक्षकों के साथ प्रतिनियुक्ति स्थल पर मानवीय व्यवहार सुनिश्चत की जाये.
इसे भी पढ़ें – #Corona : दिल्ली से कार से धनबाद पहुंचे सांसद पीएन सिंह, किये गये होम क्वारंटाइन



