
Ranchi : प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अजय कुमार और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुबोधकांत सहाय के समर्थकों के बीच जो संघर्ष हुआ था, उसका असर अब महानगर कांग्रेस पर साफ़ दिखने लगा है. शुक्रवार को महानगर कांग्रेस कमेटी के पांच सदस्यों ने इस्तीफा दिया था. इस्तीफा देने के वक्त इन नेताओं ने महानगर अध्यक्ष संजय पांडे पर सुबोधकांत सहाय के खिलाफ बयानबाजी करने का आरोप लगाया था. उसी कड़ी में शनिवार को महानगर कांग्रेस के पांचों सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया है. इस्तीफा देनेवाले सदस्यों में महानगर सचिव अरुण गोप, महासचिव संजय चौबे, दुर्गा चौधरी, कार्यकारिणी सदस्य अजय कुमार सिन्हा और कृष्ण मोहन सिंह शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें – जम्मू-कश्मीर : राज्यपाल से मिले उमर अब्दुल्ला, कहा, सरकार संसद में बताये घाटी में क्या हो रहा है
अध्यक्ष ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघी
प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस्तीफा देनेवाले पांचों सदस्यों ने कहा है कि रांची महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय पांडे ने पार्टी के सम्मानित नेता सुबोधकांत सहाय के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी और अमर्यादित टिप्पणी की है. 1 अगस्त को प्रदेश कार्यालय में अध्यक्ष संजय पांडे ने तो हद कर दी. मर्यादा की सारी सीमाओं को लांघते हुए उन्होंने सुबोधकांत सहाय की छवि धूमिल करने के लिए उनके विरुद्ध नारेबाजी की.
इसे भी पढ़ें – राहुल गांधी ने अर्थव्यवस्था पर कहा, दशकों की मेहनत से हमने बनाया , भाजपा सरकार नष्ट कर रही है
संजय पांडे ने की थी सुबोधकांत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी
इन नेताओं ने कहा है कि झारखंड में पार्टी को सशक्त बनाने में सुबोधकांत सहाय की भूमिका सभी जानते हैं. उनके मार्गदर्शन में कांग्रेस पार्टी को मजबूती मिली है. वैसे व्यक्ति पर आरोप लगा कर उन्होंने पार्टी के संविधान के खिलाफ काम किया है. इससे न सिर्फ कांग्रेसी नेता श्री सहाय की छवि धूमिल हुई है, बल्कि कांग्रेस पार्टी पर विपरीत प्रभाव पड़ा है, साथ ही जनता के बीच भी संगठन की छवि काफी खराब हुई है. इस्तीफा देनेवाले नेताओं ने संजय पांडे को लेकर यह भी कहा कि उनके इस निंदनीय कार्य की चारों ओर निंदा हो रही है. हम सभी सदस्य आपके नेतृत्व में महानगर कांग्रेस कमेटी के सदस्य के रूप में काम नहीं कर सकते हैं. इस कारण वे सामूहिक रूप से इस्तीफा दे रहे हैं. बता दें की डॉक्टर प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अजय के समर्थक माने जानेवाले संजय पांडे ने सुबोधकांत सहाय के खिलाफ पार्टी मुख्यालय में आपत्तिजनक बयानबाजी की थी, जिसके बाद से लगातार इस्तीफों का दौर जारी है. शुक्रवार को भी महानगर कांग्रेस के पांच सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया था.
इसे भी पढ़ें – डॉ अजय प्रदेश अध्यक्ष रहेंगे या नहीं, फैसला 11 को सीडब्ल्यूसी की बैठक के बाद



