
Palamu : पलामू जिले के लेस्लीगंज प्रखंड के गेठा, चेनइगीर और नौडीहा में दर्जनों ग्रामीणों को मुर्गी, बकरी और सुअर पालन के बहाने लाखों रूपये ठग लिये गये हैं.
दरअसल, अर्थ टू स्काई नामक एक संस्था ने गेठा, चेनइगीर और नौडीहा के ग्रामीणों को सब्जबाग दिखाया.
बताया कि हमारी संस्था ग्रामीणों को स्वरोजगार के लिए मुर्गी, सुअर और बकरी पालन के लिए देगी. इस दौरान उन्हें पैसे जमा करने होंगे. पैसे पांच वर्ष तक जमा रहेंगे.
जमा रुपये के दोगुना और तीन गुना दिया जायेगा. साथ ही स्वरोजगार से भी जोड़ा जायेगा. ग्रामीण लुभावने झांसे में आ गये और अपना हजारों रुपये संस्था को दे दिये.
इसे भी पढ़ें : साहिबगंज : गांवों में घुसा #Ganga का पानी, #Flood से दो लाख लोग प्रभावित, पर #Camps में जाने को तैयार नहीं
150-200 ग्रामीणों से हुई ठगी
गेठा, चेनइगीर और नौडीहा के 150 से 200 ग्रामीणों को झांसे में लेने के बाद उनका विश्वास जीतने के लिए उनके साथ एग्रीमेंट किया गया. इसके लिए बजाप्ता उन्हें पेपर भी मुहैया कराये गये.
ग्रामीणों ने बताया कि किसी से 20 हजार तो किसी से 30 से 35 हजार रुपये किश्त और एकमुश्त लिये गये.
एग्रीमेंट के पेपर दिये जाने पर उन्हें लगा कि काम पक्का हो रहा है. सारे लोग तैयार हो गये. एक-एक करके सारे लोग इस योजना से जुड़ गये.
इसे भी पढ़ें : नामकुम-कांड्रा रेललाइन : 15 साल में 3 सौ करोड़ से 3 हजार करोड़ का हुआ प्रोजेक्ट, रेलवे को भेजा गया प्रस्ताव
समय पूरा होने पर नहीं मिल रहे पैसे
पांच वर्ष का समय पूरा होने पर ग्रामीण एजेंट रामलखन यादव से पैसों की मांग करने लगे. एजेंट ने बताया कि संस्था का संचालक जेल में है. वहां से छुटने के बाद पैसों का वितरण किया जायेगा.
लेकिन कई महीने बीतने के बाद ग्रामीणों को पैसे नहीं मिले. सारे लोग गोलबंद हुए और अब आन्दोलन पर उतर आये हैं.
आजसू नेताओं के नेतृत्व में उपायुक्त को सौंपा गया ज्ञापन
लेस्लीगंज से दर्जनों ग्रामीण शुक्रवार को आजसू पार्टी के युवा नेता रुद्र शुक्ला के नेतृत्व में मेदिनीनगर पहुंचे.
यहां आजसू के जिला अध्यक्ष विकेश शुक्ला के साथ ग्रामीणों द्वारा मामले से जिले के उपायुक्त डॉ. शांतनु कुमार अग्रहरि को अवगत कराया गया और न्याय की गुहार लगायी गयी.
आजसू नेताओं ने कहा कि उपायुक्त ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए लेस्लीगंज थाना प्रभारी को जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया.
ठगी करने वालों को दिलायेंगे कड़ी सजा : आजसू
आजसू के जिला अध्यक्ष शुक्ला ने कहा कि ग्रामीणों को अगर न्याय नहीं मिलेगा तो पार्टी आंदोलन करेगी.
रूद्र शुक्ला ने कहा कि ग्रामीणों बहला फुसला कर उनकी मेहनत की कमाई डकारने वालों को कड़ी सजा दिलायी जायेगी.
कहा कि पांकी विधानसभा क्षेत्र में बिचैलिये हावी हो गये हैं और तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर ग्रामीणों को छल कर पैसे ऐंठने का काम कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें : राजनीतिक विरासत बचाने की जुगत में लगे संगीन अपराध के आरोपों से घिरे #MLA और #EX-MLA




