
Nirbhay Ojha
Sahibganj : झारखंड में गंगा एकमात्र साहिबगंज जिले में बहती है. इन दिनों गंगा के जलस्तर में बड़ी वृद्धि हो रही है जिससे जिले के के दियारा इलाके बाढ़ की चपेट में आ गये हैं.
रामपुर, कारगिल, टोपरा काला दियारा व गोपालपुर पूरी तरह से बाढ़ की चपेट में हैं. लोग इन गांवों में अपने झोपड़ियों के छप्पर पर रहने को मजबूर हैं. छोटे बच्चों को खाने को नही मिल रहा है.
जिले में करीब 2 लाख की आबादी बाढ़ से ग्रस्त है. प्रशासन द्वारा सभी से राहत शिविर में चलने का अनुरोध किया जा रहा है. हालांकि बहुत से लोग घर-बार छोड़ शिविरों में जाने को तैयार नहीं हैं.
24 घंटे में 23 सेमी बढ़ा जलस्तर
साहिबगंज मे गंगा के जलस्तर में लगातर वृद्धि दर्ज की जा रही है. पिछले 24 घंटे में 23 सेंटीमीटर जलस्तर बढ़ा है जिसके कारण सदर प्रखंड के चार पंचायतों के दर्जनों गांव के खेतों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है.
इससे फसलें डूब गयी हैं. सदर प्रखंड में 10 से 12 हजार लोग प्रभावित हैं. लोग छोटी नाव के सहारे आ जा रहे हैं जबकि कुछ लोग सुरक्षित स्थान की तलाश में जुट गये हैं.
इसे भी पढ़ें : नामकुम-कांड्रा रेललाइन : 15 साल में 3 सौ करोड़ से 3 हजार करोड़ का हुआ प्रोजेक्ट, रेलवे को भेजा गया प्रस्ताव
गांव में ही सूखा राशन बांटने की मांग
रामपुर दियरा के ग्रामीणों का कहना है कि सबसे ज्यादा परेशानी मवेशी चारे की हो गयी है. प्रशासन ने नाव का इंतजाम किया है लेकिन लोग अपना घर-बार और संपत्ति छोड़कर आने को तैयार नहीं हैं.
ग्रामीणों की मांग है कि लोगों को सूखा राशन गांव में ही बांटा जाये.
वहीं गांव की दुलारी देवी ने जनप्रतिनिधियो पर बड़ा सवाल दागते हुए कहा कि जब वोट लेना होता है तो नेताजी गांव में पहुंच जाते हैं. आज जब हमलोग डूबने वाले हैं तो शिविर मे आने को कहा जाता है.
दुलारी ने कहा, हम कैसे शिविर मे आयें. सबसे ज्यादा चिंता तो मवेशियों की है जो पानी मे खड़े हैं. सरकार हमलोग के साथ हमारे मवेशियों को भी राहत शिविर मे लाये क्योकि वही हमारे जीवनयापन का सहारा हैं.
इसे भी पढ़ें : राजनीतिक विरासत बचाने की जुगत में लगे संगीन अपराध के आरोपों से घिरे #MLA और #EX-MLA
विधायक ने लिया जायजा
विधायक अनंत ओझा ने शुक्रवार को गोपालपुर दियारा के बाढ़ पीड़ितों के पास जाकर राहत सामग्री वितरण का जायजा लिया. सदर एसडीओ पंकज साव भी साथ थे.
उन्होंने एसडीओ व बीडीओ को जमकर फटकार लगायी. उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनी और आश्वस्त किया कि सरकार की ओर से हर इंतजाम किया जा रहा है.
उन्होंने उन लोगों को शिविर में चलने का अनुरोध भी किया जो घर-बार छोड़ने को तैयार नहीं हैं.
इसे भी पढ़ें : जानिए, बकोरिया कांड, CID जांच, #CBI जांच, पूर्व DGP डीके पांडेय और ज्वाइंट डायरेक्टर अजय भटनागर में क्या है रिश्ता




