
Palamu : पलामू प्रमंडल के गढ़वा जिले में रविवार को दो और कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आये. इसके साथ ही गढ़वा जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या तीन हो गयी है. दो नये मिले कोरोना मरीज 22 अप्रैल को मिले कोरोना पॉजिटिव मरीज के रिश्तेदार हैं.
गढ़वा जिले में 2 नये कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने की पुष्टि गढ़वा के उपायुक्त हर्ष मंगला ने की है. सूत्रों के मुताबिक दोनों मरीज गढ़वा शहर के पठान मुहल्ले के हैं. इसमें एक लड़का और एक लड़की है. दोनों की उम्र 10-12 वर्ष बतायी जाती है. दोनों ममेरे भाई-बहन बताये जा रहे हैं. दोनों पहले से गढ़वा सदर अस्पताल में ही क्वारंटाइन में थे. प्रशासन की ओर से दोनों को कोविड हॉस्पिटल में भेजने की तैयारी की जा रही है.
इसे भी पढ़ें – #CoronaVirus : स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना से देश में 826 की मौत, संक्रमितों की संख्या 26,917 हुई
पहले से ही थे क्वारंटाइन में
उधर, जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त ने जो जानकारी दी है, उनके मुताबिक दोनों पॉजिटिव मरीज पहले कोरोना से पॉजिटिव पाये गये मरीज के परिवार के सदस्य हैं. दोनों पूर्व से सदर हॉस्पिटल में ही क्वारंटाइन में हैं. उन्हें सबसे अलग रख कर इलाज किया जा रहा था. उधर दो नये कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने से गढ़वा जिले में हड़कंप मच गया है.
विदित हो कि 25 अप्रैल को गढ़वा जिले के सीमावर्ती पलामू जिले में तीन कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं. पलामू औऱ गढ़वा जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 3-3, कुल 6 हो गयी है. अब तक सभी मरीजों का रांची के कोरोना हॉटस्पॉट हिंदपीढ़ी से कनेक्शन सामने आया है.
इसे भी पढ़ें – #TabligiJamaat के मुखिया मौलाना साद कोरोना टेस्ट में निगेटिव पाये गये, क्राइम ब्रांच के सामने हो सकते हैं पेश



