
Ranchi : बरही-कोडरमा के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा फोर लेन सड़क के लिए काम हो रहा है. इसके लिए जमीन अधिग्रहण का काम भी जारी है. कोडरमा के करीब 20 गांव ऐसे हैं जहां रैयतों को मुआवजा भुगतान भी किया जा चुका है. इसके बाद उन्हें कोडरमा जिला प्रशासन (जिला भू- अर्जन शाखा) की ओर से रैयतों को चिन्हित जमीन पर से संरचनाओं को स्वयं से हटाने या कम करने को कहा गया था. बावजूद इसके कई रैयत इस मामले में सहयोग नहीं कर रहे है. जिला प्रशासन के स्तर से संरचनाओं को हटाते समय राजनीति, हंगामा और अवरोध पैदा कर रहे हैं. ऐसे में फोर लेन प्रोजेक्ट के काम में देरी भी हो रही है. अब जिला प्रशासन उनकी खबर लेगा. साथ ही नियमानुसार कार्रवाई करेगा.
प्रशासन ने जारी की चेतावनी
कोडरमा जिला प्रशासन ने कई गांवों (मौजा) के रैयतों के लिए विशेष सूचना और चेतावनी जारी की है. इन गांवों के रैयतों से कहा गया है कि जमीन अधिग्रहण के बाद मुआवजा अब उन्हें अपनी चिन्हित जमीनों पर से संरचनाओं को हटाना ही होगा. इसके लिए अब अंतिम बार मौका दिया जा रहा है. संरचना को जेएमएस (ज्वाइंट मेजरमेंट सर्वे) के अनुसार तोड़ना ही होगा. ऐसा नहीं करने पर मुआवजा राशि (प्रतिकर की राशि) की वसूली के साथ साथ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी. कोडरमा के जिन मौजा के रैयतों के लिए यह सूचना जारी हुई है, वे हैं- उरवां, जोगीडीह, मदनगुन्डी, चन्दवारा, विडार, लालमनदिग्थू, डोईयांडीह, गुमो, बरवाडीह, नवादा, राजपुरा, असना, करमा, झुमरी, करियाबर, चाराडीह, कानूनगोबिग्हा, चेचाई और सुजानपुर.
इसे भी पढ़ें : गृह मंत्री अमित शाह ने झारखंड पुलिस को दी बधाई, कहा-आतंकवाद, माओवादियों के खिलाफ जारी रहेगी जीरो टॉलरेंस की नीति




