
Godda : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वैश्विक महामारी के दौरान भी जीवन को सामान्य बनाने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. सुदूर प्रखंड में आज हम एकत्रित हुए हैं. सरकार की कई योजनाओं से लोगों को जोड़ा गया है. करोड़ों रुपये की जनहित योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन हुआ है, जिससे जनसामान्य की समस्यायों के निराकरण में सहयोग प्राप्त होगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि विधवा पेंशन के लिए राशन कार्ड आदि की आवश्यकता नहीं रहेगी. जो विधवा असहाय हैं, उनको सरकार द्वारा पेंशन उपलब्ध करायी जाएगी. वे सोमवार को गोड्डा जिले के राजाभिट्टा स्टेडियम में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन के साथ लाभुकों के बीच परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. इस अवसर पर राजमहल के सांसद विजय कुमार हांसदा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, उपायुक्त गोड्डा भोर सिंह यादव, पुलिस अधीक्षक वाईएस रमेश सहित गोड्डा जिले के अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें – T20 World Cup 2021: पाकिस्तान की जीत के बाद शोएब और हरभजन के बीच छिड़ी जुबानी जंग, देखें Video
3458.17 लाख रुपये की विभिन्न योजनाओं का हुआ उद्घाटन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा जिले में 3458.17 लाख रुपये से संचालित विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं 2618.49 लाख रुपये की लागत से संचालित होनेवाली विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया गया. मुख्यमंत्री ने अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र का वितरण, प्रधानी पट्टा का वितरण, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभुकों को घर की चाबी एवं स्वीकृति पत्र का वितरण भी किया. कार्यक्रम में लाभुकों को फूलो झानो योजना के लाभुकों के बीच चेक का वितरण किया गया. कार्यक्रम में सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच 650 लाख रुपये की परिसंपत्ति वितरित की गयी.
अब बिजली की समस्या से मिलेगी निजात
मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत ही दुर्गम क्षेत्र होने के कारण यहां बिजली की समस्या रहती थी. बिजली व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए यहां पावर सब स्टेशन का भी उद्घाटन किया गया है. उन्होंने कहा कि सुंदर डैम को लेकर हमेशा चर्चा की जाती है कि इसके आसपास के गांवों में कैसे खुशहाली आए, इसके लिए सरकार प्रयासरत है. विस्थापित गांव में लिफ्ट इरिगेशन के तहत सिंचाई योजना का भी शिलान्यास किया गया है. 10 स्कूल भवनों का निर्माण किया जा रहा है.
ग्रामीण मुर्गी पालन करें, सरकार उनसे अंडा खरीदेगी
सरकार मुख्यमंत्री पशुधन योजना का लाभ दे रही है, जिससे ग्रामीण बकरी पालन, गाय पालन, सूअर पालन आदि कर खुद को स्वावलंबी बना सकते हैं. उन्होंने कहा कि सरकार स्कूली बच्चों को हफ्ते में 6 दिन अंडा देने का काम कर रही है. इसके लिए निकटवर्ती राज्य से अंडा खरीदना होता है. यदि ग्रामीण मुर्गी पालन करें, तो उनसे सरकार अंडा खरीद लेगी. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार महुआ हड़िया बेचने वाली महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए फूलों झानों योजना के तहत लोन उपलब्ध करा रही है, जिससे वे एक सम्मानजनक व्यवसाय कर इस दलदल से बाहर निकलने का काम कर सकती हैं.
विभिन्न विभागों द्वारा नियमावली तैयार की जा रही है
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष को सरकार नियुक्ति वर्ष के रूप में मना रही है. विभिन्न विभागों द्वारा नियमावली तैयार की जा रही है, जिससे जल्द से जल्द सभी विभागों में रिक्त पद भरे जा सकेंगे. साथ ही रोजगार के नए अवसर से लोगों को जोड़ा जा सकेगा. उन्होंने कहा कि आप सब को भी जागरूक रहना होगा. सरकार आपके हित के लिए कई तरह के नियम बना रही है, जिसका फायदा आप सजग रह कर उठा सकते हैं.
इसे भी पढ़ें – मुख्यमंत्री ने लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया



