
Washington: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कोरोना वायरस वैश्विक महामारी से प्रभावित देश की अर्थव्यवस्था को फिर से खोलने का फैसला किया है. ट्रंप ने नयी चरणबद्ध योजना को पेश करते हुए गवर्नरों को अपने-अपने राज्यों में पाबंदियों को हटाने पर फैसला लेने की अनुमति दी है.
अभी अमेरिका की 95 प्रतिशत से अधिक आबादी अपने घरों में बंद है और 2.2 करोड़ से अधिक अमेरिकियों ने बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन दिया है. अमेरिका में 6,40,000 से अधिक अमेरिकी कोरोना वायरस की चपेट में आये और 31,000 से अधिक लोगों ने जान गंवा दी.
इसे भी पढ़ें- #corona पॉजिटिव का आंकड़ा देश में 13000 के पार, पिछले 24 घंटे में सामने आये 1007 केस, 23 की मौत
क्या कहना है ट्रंप का
ट्रंप ने कहा कि उनका प्रशासन नये संघीय दिशा निर्देश जारी कर रहा है. जिससे गवर्नर अपने-अपने राज्यों को फिर से खोलने पर चरणबद्ध तरीके से फैसला ले सकेंगे. उन्होंने कहा कि आर्थिक दबाव के बीच लंबे समय तक लॉकडाउन से जन स्वास्थ्य पर बहुत गहरा असर पड़ेगा.
उन्होंने कहा कि अगर जमीनी परिस्थितियां ठीक रहीं तो स्वस्थ अमेरिकी काम पर लौट सकेंगे. उन्होंने कहा कि पूरी तरह बंद करने के बजाय हम उच्च जोखिम वाले लोगों को अलग करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे. राष्ट्रपति ने कहा कि अगर वायरस लौटता है जैसा कि कुछ वैज्ञानिकों का मानना है तो इन दिशा निर्देशों से यह सुनिश्चित होगा कि देश चलता रहे ताकि हम जल्दी इससे बाहर आ सकें.
ये दिशा निर्देश सरकार के शीर्ष चिकित्सा विशेषज्ञों ने बनाये हैं और पुष्ट तथ्यों पर आधारित हैं. इन दिशा निर्देशों से गवर्नरों को अपने-अपने राज्यों में स्थिति से निपटने के लिए चरणबद्ध तरीके से अर्थव्यवस्था को फिर से खोलने का अधिकार दिया गया है.
इसे भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: शोपियां में सुरक्षा बलों और दहशतगर्दों के बीच मुठभेड़ जारी, एक आतंकी ढेर
क्या है दिशा निर्देशों में
दिशा निर्देशों में नये मामलों, जांच और राज्यों के लिए अस्पताल संसाधनों को पूरा करने पर स्पष्ट मानदंड हैं. पहले चरण के लिए दिशा निर्देशों में सिफारिश की गयी है कि अगर फ्लू जैसे लक्षणों और कोरोना वायरस मामलों की संख्या में 14 दिनों तक गिरावट होती है तो राज्य घरों पर रहने का आदेश और अन्य पाबंदियों को हटा सकते हैं.
दूसरे चरण में विषाणु की चपेट में आने के लिहाज से संवेदनशील लोगों को एक स्थान पर आश्रय देना, घरों से काम करने के लिए प्रेरित करना और सार्वजनिक स्थानों को बंद रखना शामिल है.
कोरोना वायरस पर व्हाइट हाउस कार्य बल के सदस्य डॉ. देबराह ब्रिक्स ने बताया कि तीसरे चरण में स्वच्छता बनाये रखने के साथ ही सामान्य स्थिति बहाल करना है. स्वच्छता के इन नियमों में लोगों के बीच दूरी बनाये रखना शामिल है क्योंकि बिना लक्षण वाले लोगों के इस संक्रामक रोग को फैलाने के मुद्दे अभी बने हुए हैं.
इसे भी पढ़ें- बिहार: बक्सर-मुंगेर से #Corona के 8 नये मामले, कुल संख्या पहुंची 80
तीन चरणों में अर्थव्यवस्था को खोलना हमारा दृष्टिकोण: ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि हमारी दुनिया के इतिहास में सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है. हमने इस युद्ध को जीतने के लिए इसे बंद किया तथा अब हम इसे जीतने की ओर हैं. हमारा दृष्टिकोण अर्थव्यवस्था को तीन चरणों में खोलना है. हम सब कुछ एक बार में नहीं खोल रहे बल्कि एक बार में एक कदम सावधानीपूर्वक उठा रहे हैं और कुछ राज्य दूसरों के मुकाबले जल्दी खुल सकेंगे.
उन्होंने कहा कि देश में कोरोना वायरस का सबसे बुरा दौर बीत जाने के बाद लोग अपनी जिंदगी फिर से शुरू कर रहे हैं. ट्रंप ने कहा कि हमारी रणनीति वरिष्ठ नागरिकों और संवेदनशील आबादी की रक्षा करना होगी.




