
हांगकांग में बुधवार रात हुए भीषण अग्निकांड में 44 लोगों की मौत हो गई और 279 लोग अभी भी लापता हैं। बचाव दल गुरूवार सुबह तक जलती हुए ऊंची इमारतों से लोगों को निकालते रहे। पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है और माना जा रहा है कि इन पर गैर-इरादतन हत्या का केस चलेगा। घटना ताई पो जिले के एक आवासीय कॉम्प्लेक्स में लगी, जो न्यू टेरिटरीज का एक उपनगरीय इलाका है। गुरुवार सुबह तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था और बचाव कार्य जारी था।

आग वांग फुक कोर्ट कॉम्प्लेक्स की 8 में से 7 इमारतों में फैल गई जिसके बाद सैकड़ों लोगों को रेस्क्यू करना पड़ा। इमारतों की खिड़कियों से तेज लपटें और धुआं निकलता हुआ दिखाई दे रहा था। अधिकारियों के अनुसार 44 में से 40 लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं, कम से कम 62 लोग घायल हुए है जिनमें से कई आग की चपेट में आए तो अन्य को धुएं की वजह सांस की तकलीफ हुई। वहीं पुलिस ने कहा कि प्रभावित न होने वाली एक इमारत के लिफ्ट लॉबी के पास हर मंजिल पर बाहर की तरफ स्टायरोफोम सामग्री मिली, जो बहुत आसानी से जलने वाली है। यह सामग्री एक निर्माण कंपनी ने लगाई थी।

पुलिस की सीनियर सुपरिंटेंडेंट ईलीन चुंग ने कहा, ‘हमें यकीन है कि निर्माण कंपनी के जिम्मेदार लोग बहुत बड़ी लापरवाही के दोषी हैं।’ गिरफ्तार किए गए तीन लोग, जिनकी उम्र 52 से 68 साल के बीच है, कंपनी के डायरेक्टर और एक इंजीनियरिंग सलाहकार हैं। आग पर काबू पाने की बात करें तो, फायर सर्विस डिपार्टमेंट ने बताया कि 4 इमारतों में आग ‘काबू में आ रही है’। वहीं चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बुधवार को इस अग्निकांड पर शोक जताया। सरकारी मीडिया के मुताबिक, उन्होंने एक फायरफाइटर की मौत पर दुख व्यक्त किया और पीड़ितों के परिवारों से हमदर्दी जाहिर की।




